BSP बोरियागेट मार्ग पर वाहन खड़ा करना पड़ा भारी, 3 ट्रक जब्त

CG Prime News@दुर्ग. शहर के बोरियागेट मार्ग पर बीच सड़क भारी वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करना तीन वाहन चालकों को महंगा पड़ गया। यातायात पुलिस दुर्ग ने बुधवार रात को कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वाले 3 भारी वाहनों को जब्त किया है। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ BNS की धारा 285 के तहत अपराध दर्ज किया है।

यातायात पुलिस दुर्ग के मुताबिक, पुलिस उप उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इन तीन वाहनों पर हुई कार्रवाई

बोरियागेट मार्ग पर कार्रवाई के दौरान जिन वाहन चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त किए गए, उनमें CG 07 CU 3036 के चालक राकेश कुमार, निवासी खुर्सीपार, CG 04 JC 9121 के चालक शिव कुमार, निवासी कैंप-01 और CG 07 JC 1550 के चालक इन्दर चौधरी, निवासी कैंप-02 शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, तीनों भारी वाहन सड़क पर इस तरह खड़े किए गए थे, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा था। इससे आम नागरिकों और दूसरे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

दुर्घटना की आशंका बढ़ने पर सख्ती

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश दी है कि मुख्य मार्ग, सड़क के बीच या ऐसे स्थान पर भारी वाहन खड़ा न करें, जहां से यातायात बाधित हो। सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े भारी वाहनों के कारण सड़क संकरी हो जाती है और राहगीरों तथा अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है। साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

यातायात पुलिस दुर्ग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और जानबूझकर यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

छत्तीसगढ़ के तीन नेताओं को मिला राज्य मंत्री का दर्जा, आदेश जारी

ऑनलाइन अटेंडेंस के विरोध में महिला टीचर का वीडियो वायरल, मचा बवाल 

पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकला 13 साल का बच्चा, अगले दिन पेड़ पर मिली लाश