CG Prime News@मुंबई. मुंबई पुलिस ने सोमवार को बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मुंबई पुलिस के डीसीपी ने बताया कि आरोपी टाइगर श्रॉफ के मर्डर के प्लान से आए थे। जिस तरह से गोलियां चलाईं गईं यह पूरी प्लानिंग के साथ किया गया हमला था।
15 घंटे में हमलावर गिरफ्तार
इधर टाइगर की कार पर फायरिंग करने वाले हमलावर 15 घंटे में राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़े गए। टाइगर पर रविवार रात 7 बजे हमला किया गया था। टाइगर को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है। फायरिंग में उनके ड्राइवर को भी चोट लगी है।
टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वाले तीन हमलावर गिरफ्तार, 10 दिन तक की रेकी, फिर किया हमला
नेपाल भागने की तैयारी में थे आरोपी
कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से जयपुर जा रहे थे। जनरल कोच में हिरासत में लिया गया। इनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। आरोपी जयपुर, दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में थे। मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद कोटा पुलिस ने सुबह 10:30 बजे रेलवे स्टेशन से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने हमला करने का कॉन्ट्रैक्ट दिया था। अनिल ने वीडियो जारी कर इसकी जिम्मेदारी ली।
हमलावर अनिल पंडित के संपर्क में था
राजस्थान पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि हरियाणा के रेहान का संपर्क अमेरिका में रह रहे अनिल पंडित से था। अनिल पंडित को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो क्लिप के जरिए अनिल पंडित ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। उसने सलमान खान को भी धमकी दी और उनसे लॉरेंस बिश्नोई से माफी मांगने को कहा। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो क्लिप को वेरिफाई कर रही है।
मुंबई फायरिंग मामले में डीसीपी राज तिलक रोशन ने कहा, बाइक पर तीन लोग सवार थे। इनमें से दो ने फायरिंग की और फिर बाइक से फरार हो गए। क्राइम ब्रांच की करीब 20 स्पेशल टीमें बनाई गईं। फील्ड वर्क और तकनीकी जांच के आधार पर बाइक को अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास ट्रेस किया गया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जांच से तीनों के रास्ते का पता चला।
एक आरोपी नाबालिग
राजस्थान पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए तीनों संदिग्धों में दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। इनमें हरियाणा के सोनीपत का रेहान और बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुमार उर्फ रोशन शामिल है। तीसरा आरोपी नाबालिग बताया गया है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर हमले की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
10 दिन से अभिनेता पर रख रहे थे नजर
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, आरोपी करीब 10 दिनों से टाइगर श्रॉफ पर नजर रख रहे थे। उन्होंने उनके घर और जिम की भी रेकी की थी। फायरिंग से पहले आरोपियों ने 45 मिनट तक उस इलाके को जाना था। वे सोशल मीडिया पर पापराजी के वीडियो और ब्लॉगर्स के कंटेंट से भी टाइगर की लोकेशन और दिनचर्या की जानकारी जुटा रहे थे। रविवार को फायरिंग के बाद आरोपी मुंंबई में एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी की ओर भागे। उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास अपनी बाइक छोड़ दी और ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस ने बाइक बरामद कर ली थी।
लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने कहा-मुंबई में 100 तैयार बैठे हैं
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित का एक और ऑडियो नोट आया। इसमें उन्होंने कहा, ‘मैं प्रशासन से पूछता चाहता हूं कि जब बॉलीवुड वालों ने सुशांत को मारा, तब कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। आज जब हमारे बड़े भाई लॉरेंस ने इनके खिलाफ एक्शन लिया, तो प्रशासन हमारे भाई के खिलाफ बोलता है। हम भगत सिंह जैसी सोच रखते हैं। हमारी लड़ाई चलती रहेगी। ये जितने बॉलीवुड एक्टर हैं, ये पाकिस्तान में बैठे दाऊद के पैसों से फिल्में बनाते हैं और उसे दोगुने पैसे कमाकर दे रहे हैं।
आगे कहा गया है, ‘रही बात सलमान खान की, जब तक ये माफी नहीं मांग लेता, तब तक इसका पीछे नहीं छोड़ेंगे। इसका जीना हराम कर देंगे। अगर ये माफी मांग लेता है, तो हमारा इससे कोई द्वेश ही नहीं है। अगर माफी नहीं मांगता, तो इसके जितने नजदीकी हैं, सबका नुकसान करेंगे, इसका तो करेंगे ही। तुम हमारे 2 मारोगे, हमारे 100 भाई मुंबई में तैयार बैठे हैं।