ऑनलाइन अटेंडेंस के विरोध में महिला टीचर का वीडियो वायरल, मचा बवाल 

ऑनलाइन अटेंडेंस के विरोध में महिला टीचर का वीडियो वायरल, मचा बवाल 

CG Prime News@जांजगीर-चांपा. Online Attendance Teacher Viral Video chhattisgarh  छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर एक शिक्षिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में नवागढ़ विकासखंड के एक हाईस्कूल में पदस्थ शिक्षिका निर्मला कोमल ने शिक्षकों की ऐप के जरिए उपस्थिति और काम की निगरानी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब शिक्षकों की ऑनलाइन निगरानी हो रही है तो कलेक्टर से लेकर अन्य अधिकारियों के कामकाज का हिसाब भी ऑनलाइन और सार्वजनिक होना चाहिए।

स्कूल पहुंचकर बनाया वीडियो

जानकारी के मुताबिक शिक्षिका ने 29 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे स्कूल पहुंचने के बाद वीडियो बनाया। वीडियो में उन्होंने बताया कि वह ड्यूटी पर हैं और इसी दौरान ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि समय पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के लिए शिक्षकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

सड़कों पर मवेशियों को लेकर भी सवाल

वायरल वीडियो में शिक्षिका ने सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल शिक्षकों की निगरानी पर ध्यान देने के बजाय दूसरे विभागों की व्यवस्था सुधारने पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों के कार्यक्रमों और उनके कामकाज को भी जनता के सामने ऑनलाइन सार्वजनिक करने की बात कही।

बोलीं- शिक्षकों को ऐप से मॉनिटर करना बंद करें

निर्मला कोमल ने वीडियो में कहा कि शिक्षक अपनी जिम्मेदारी से काम कर रहे हैं, इसलिए ऐप के जरिए लगातार निगरानी की व्यवस्था पर पुनर्विचार होना चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज कराने की जल्दबाजी में कई बार शिक्षक हादसों का शिकार हो सकते हैं।

कारण बताओ नोटिस

वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से मामले को संज्ञान में लिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद स्कूल समय में सोशल मीडिया वीडियो बनाने और विभागीय व्यवस्था पर सार्वजनिक टिप्पणी करने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब जांच के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Related posts

छत्तीसगढ़ के तीन नेताओं को मिला राज्य मंत्री का दर्जा, आदेश जारी

BSP बोरियागेट मार्ग पर वाहन खड़ा करना पड़ा भारी, 3 ट्रक जब्त

पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकला 13 साल का बच्चा, अगले दिन पेड़ पर मिली लाश