चाकू की नोक पर लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने चाकू की नोक पर लूट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर नगदी और वाहन जब्त किया।

रायपुर | राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर युवक से नगदी लूट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम, घटना में प्रयुक्त चाकू तथा मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया गया था, जबकि दूसरे आरोपी को बाद में पकड़कर जेल भेजा गया।

लिफ्ट देकर सुनसान गली में की लूट

पुलिस के अनुसार प्रार्थी मनीष कुमार यदु, निवासी ग्राम सुरपा (जिला दुर्ग) ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 फरवरी 2026 को वह मंदिर हसौद चौक से लिफ्ट लेकर रायपुर आ रहा था। रास्ते में मोटरसाइकिल चालक ने उसे शराब पिलाने के बहाने अपने साथ रखा।

रात्रि करीब 1 बजे मुकुट नगर के आगे सुनसान गली में मोटरसाइकिल रोककर आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर प्रार्थी से पैसे मांगने लगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने उसे पकड़कर चाकू पेट पर टिकाया और जेब में रखे ₹10,000 लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने बनाई विशेष टीम

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर थाना आजाद चौक पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए आरोपी शेख कबीर (22 वर्ष), निवासी ईदगाहभाठा को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से ₹1,500 नगद एवं घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।

फरार आरोपी भी गिरफ्तार

प्रकरण में फरार आरोपी सलीम खान उर्फ शेख सलीम (32 वर्ष), निवासी गंजपारा महासमुंद को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से ₹3,000 नगदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 06 ZC 1601) जब्त की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

जांच जारी, पुलिस की अपील

पुलिस ने बताया कि प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि अनजान व्यक्तियों से लिफ्ट लेने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related posts

कोंडागांव में सरपंच की पीट-पीटकर हत्या, महिला से संबंध के विवाद में 7 गिरफ्तार

दुर्ग: मेडिकल स्टोर्स पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की Raid, दो मेडिकल फर्मों को कारण बताओ नोटिस

दुर्ग में हरेराम प्रसाद जिलाबदर, 7 जिलों में एक साल तक प्रवेश प्रतिबंधित