Bhilai/CG Prime News। Simplex Castings MD accuses police officer of blackmailing and possession. करोड़ों रुपए की जमीन और कंपनी संपत्तियों से जुड़े विवाद में अब नया मोड़ सामने आया है। सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की प्रबंध निदेशक संगीता केतन शाह ने दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी विशाल सोम पर गंभीर आरोप लगाते हुए सार्वजनिक सूचना जारी की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कंपनी की चल-अचल संपत्तियों पर कब्जा करने और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की साजिश रची गई।
यह भी पढ़ेः कुम्हारी टोल प्लाजा पर पुलिस जवान को कुचलने की कोशिश, नागपुर के दो युवक गिरफ्तार
टिकट दिलाने के नाम पर पैसे लेने का आरोप
संगीता शाह के अनुसार वर्ष 2013-14 के दौरान संबंधित अधिकारी दुर्ग जिले के जामुल थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ थे। इसी दौरान कंपनी से जुड़े मामलों के चलते उनका संपर्क बढ़ा। शाह का दावा है कि अधिकारी ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से करीबी संबंध होने की बात कहते हुए वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिलाने का भरोसा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संपर्क और टिकट दिलाने के नाम पर कई बार पैसों की मांग की गई। साथ ही चुनावी अवधि में फर्जी मेडिकल लीव लेकर प्रचार गतिविधियों में शामिल रहने का भी आरोप लगाया गया है।
कंपनी की संपत्तियों पर कब्जे की साजिश का दावा
एमडी संगीता शाह ने आरोप लगाया कि कंपनी के आंतरिक मामलों और संपत्तियों की जानकारी हासिल करने के बाद कथित तौर पर कुछ कारोबारियों, ठेकेदारों और अन्य लोगों के साथ मिलकर संपत्तियों पर कब्जा करने की योजना बनाई गई। शाह के मुताबिक पुलगांव स्थित भूमि, कोहका-जुनवानी की जमीन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और कंपनी के वाहनों सहित कई संपत्तियों को विवादित बनाकर धोखाधड़ीपूर्वक कब्जा करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की शिकायत 6 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक को लिखित रूप से दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने का भी आरोप
संगीता शाह ने यह भी कहा कि बड़े अधिकारियों और नेताओं से संबंध होने का दबाव बनाकर उन्हें कंपनी बंद करवाने और आर्थिक रूप से बर्बाद करने की धमकियां दी गईं। उनका दावा है कि लगातार मानसिक दबाव के कारण वह शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान हैं तथा परिवार से अलग रहने को मजबूर हो गई हैं। इधर दूसरी ओर करोड़ों की जमीन और संपत्ति विवाद से जुड़े मामले में संगीता शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद कारोबारी और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूरे मामले को लेकर अब दोनों पक्षों की गतिविधियों पर नजर बनी हुई है।