CG Prime News@बिलासपुर. In Bilaspur, the bride refused to marry after seeing the groom drunk. डीजे की धुन में थिरकते दोस्त और शादी का सजा मंडप लेकिन दूल्हा ही जब शराब के नशे में लडखड़़ाते हुए दुल्हन के घर पहुंचा तो बवाल मच गया। शराबी दूल्हे की इस हरकत को देखकर लाल जोड़े में सजी दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। यही नहीं दुल्हन के परिजनों ने भी दूल्हे और उसके रिश्तेदारों की शराब के नशे में हरकत देखकर नाराजगी जताई। जिसके बाद यह विवाद बढ़ता चला गया और दोनों पक्ष थाने पहुंच गए।
शराबी दूल्हा करता है प्राइवेट नौकरी
दरअसल मामला बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। कोरमी के रहने वाले राजू मांडले (पिता रामखिलावन मांडले) की शादी कसडोल के सुनीता (पिता गुहाराम लहरी) से तय हुई थी। बताया जा रहा है कि राजू मांडले प्राइवेट नौकरी करता है। अपनी ही शादी में शराब के नशे में झूमते दूल्हे को मंडप से बैरंग लौटना पड़ा। रिश्ता तय होने के बाद विवाह की तैयारियां शुरू हुईं और 27 अप्रैल को वह दूल्हा बनकर कसडोल पहुंचा। उसके पिता रामखिलावन मांडले समेत रिश्तेदार और दोस्त बाराती बनकर पहुंचे थे।

शराब के नशे में झूमते दूल्हे को देख दुल्हन ने शादी से किया इनकार, दोनों पक्ष पहुंचे थाने
दोनों पक्षों के बीच हुआ विवाद
इसके बाद बारातियों में सन्नाटा छा गया। वहीं दोनों पक्षों के बीच विवाद भी शुरू हो गया। आरोप है कि लड़की पक्ष ने दूल्हे, उसके पिता और कुछ रिश्तेदारों को बंधक बना लिया। उनकी मांग थी कि वैवाहिक आयोजन और पार्टी में हुए खर्च की वो भरपाई करें।
दूल्हा, पिता समेत 7 बारातियों को बंधक बनाने का आरोप
दूल्हा राजू के दादा मनीराम मांडले ने बताया कि बारात शाम को कसडोल पहुंच गई थी, जहां परगहनी के लिए नाचने के लिए डीजे लगाया था। डीजे पर डांस करते झूमते बराती लड़की वालों के घर के पास पहुंचे।
इस दौरान द्वार-चार का रश्म पूरा करने के लिए दूल्हे को सामने किया गया। गाड़ी से उतरते समय वो शराब के नशे में लड़खड़ाने लगा, जिसके बाद लड़की वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। इस दौरान दूल्हा, उसके पिता समेत सात बारातियों को रोक लिया और बंधक बनाकर घर से निकलने नहीं दिया।
रात में बैठक के बाद मांगे 5 लाख
मनीराम ने बताया कि इस विवाद और हंगामे के बीच रात में लड़की वालों ने उनके साथ बैठक की। इस दौरान समाज में बदनामी और शादी में हुए खर्च की भरपाई करने के लिए उनसे 20 लाख रुपए की डिमांड की गई। फिर सुबह बातचीत करने के बाद सात लाख रुपए लेकर आने के लिए कहा गया। रात में मनीराम भी कसडोल में था। सुबह उसे लड़की वालों ने 7 लाख रुपए लेकर आने के लिए कोरमी भेजा।
मौके पर पहुंची कसडोल पुलिस
इस घटना की जानकारी मिलते ही कसडोल थाना पुलिस दुल्हन के घर पहुंची। वहां पूछताछ करने पर पता चला कि दूल्हा और उसके पिता समेत रिश्तेदार खाना खाने के बाद आराम कर रहे थे। पुलिस पहुंचने पर दुल्हन के रिश्तेदारों को पता चला कि दूल्हा के दादा ने थाने में शिकायत कर दी है, जिस पर लड़की पक्ष के लोग भी अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंच गए। रात में पुलिस दोनों पक्षों को समझाइश देती रही। वहीं लड़की पक्ष के लोग हर्जाना लेने के लिए अड़े रहे।
पुलिस बोली- बंधक नहीं बनाया
सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि दूल्हा के दादा और रिश्तेदार थाने आए थे। उनकी बातों को सुनने के बाद पता चला कि घटना उनके थाना क्षेत्र का नहीं है। उन्होंने कसडोल पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी है। उन्होंने दूल्हे के पिता से भी बातचीत की है। उन्हें बंधक नहीं बनाया गया है। लड़की वाले सामाजिक बैठक कर शादी का खर्च मांग रहे हैं। यह मामला कसडोल पुलिस की जानकारी में है। वहीं, इस मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
