रायपुर पुलिस कमिश्नर ने समस्त अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

रायपुर पुलिस कमिश्नर ने समस्त अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, विजिबल पुलिसिंग और साइबर अपराध रोकने के लिए मार्गदर्शन दिया।

प्राथमिकताएं और निर्देश

रायपुर | रायपुर कमिश्नरेट के प्रथम पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने आज सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में समस्त डिप्टी पुलिस कमिश्नर, एडिशनल डिप्टी पुलिस कमिश्नर, असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर और थाना प्रभारियों की प्रथम समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, पुलिस की उपस्थित बढ़ाना और अपराध नियंत्रण के लिए दिशा-निर्देश जारी करना था।

विजिबल पुलिसिंग और पैदल गस्त

पुलिस कमिश्नर ने विजिबल पुलिसिंग को और अधिक बढ़ाने, पैदल पेट्रोलिंग और रात्रि गस्त को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने चाकूबाजी, नशा, अड्डेबाजी और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेषकर प्रतिबंधित नशा के विक्रय पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने और संपूर्ण नेटवर्क पर कार्यवाही करने को कहा गया।

सख्त कानून-व्यवस्था निर्देश

कमिश्नर ने कहा कि चाकूबाजी जैसी छोटी घटनाओं पर भी कठोर धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, बिना अनुमति किसी भी प्रकार के रैली, धरना या सामूहिक आयोजन पर रोक लगाने के निर्देश दिए। निर्धारित समयावधि के पश्चात बार, कैफे और रेस्टोरेंट को अनिवार्य रूप से बंद करने का आदेश भी दिया गया।

साइबर और यातायात सुरक्षा

बैठक के अंतर्गत साइबर/क्राइम शाखा के अधिकारियों को साइबर अपराधों में वृद्धि को देखते हुए पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान करने और मुख्य आरोपियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रात्रि 10 बजे से यातायात अधिकारियों की बैठक लेकर शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा चालानी कार्रवाई के नाम पर अनावश्यक परेशान न करने के निर्देश जारी किए गए।

जिला विशेष शाखा की समीक्षा

जिला विशेष शाखा के अधिकारियों की पृथक समीक्षा बैठक आयोजित की गई और कानून-व्यवस्था की दृष्टि से सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

Related posts

भिलाई में दो भाइयों से मारपीट में हमला, रस्सी से बांधने का आरोप, 4 गिरफ्तार

दुर्ग में 15.737 किलो गांजा के साथ राजस्थान के 3 युवक गिरफ्तार, पढऩे की उम्र में तलाश रहे थे ग्राहक

दुर्ग जिले के 40 मेडिकल फर्मों में खाद्य एवं औषधि विभाग का छापा, 4 दुकानों को नोटिस