फरार आरोपियों की खोजबीन में जुटी पुलिस
भिलाई। Two brothers attacked in Bhilai following a dispute over reversing a car; alleged to have been tied up with a rope and beaten. छत्तीसगढ़ के भिलाई में कार रिवर्स करने के दौरान बाइक को टक्कर लगने के बाद शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना रूआबांधा स्थित छत्तीसगढ़ मार्केट की है। आरोप है कि विवाद के दौरान दो भाइयों के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, छोटे भाई को रस्सी से बांधकर पीटने और धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ेः दुर्ग में 15.737 किलो गांजा के साथ राजस्थान के 3 युवक गिरफ्तार, पढऩे की उम्र में तलाश रहे थे ग्राहक
बाइक को टक्कर लगने के बाद शुरू हुआ विवाद
भिलाई नगर पुलिस के अनुसार, सुदीप कुमार साहू अपने छोटे भाई उत्सव साहू के साथ शनिवार रात मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। इसी दौरान रूआबांधा मार्केट के पास एक सफेद कार रिवर्स करते समय उनकी बाइक से टकरा गई। दोनों भाइयों ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर कार चालक के साथ कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद कार चालक ने पास की मुर्गी दुकान में काम करने वाले दो युवकों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
रस्सी से बांधकर पीटने और धमकी देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने मिलकर दोनों भाइयों के साथ मारपीट की। इस दौरान लात-घूंसों और डंडों का इस्तेमाल किया गया। आरोप यह भी है कि छोटे भाई को रस्सी से बांधकर पीटा गया। इसके अलावा, मुर्गी काटने में इस्तेमाल होने वाला हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। हमले में दोनों भाइयों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
भिलाई नगर पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की तलाश के दौरान आरोपी में मुस्तफा रजा (25), नासिर अहमद (25), सोयेब खान (21) और लक्ष्मीनारायण जोशी (28) को गिरफ्तार कर लिया हैं। ये सभी भिलाई के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही, घटना से जुड़े तथ्यों की जांच भी की जा रही है। मामूली सड़क विवाद के बाद हुई इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।