राजनांदगांव में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, दोस्त ने डंडे से पीटकर मार डाला

राजनांदगांव में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, दोस्त ने डंडे से पीटकर मार डाला

CG Prime News@राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक प्रॉपर्टी डीलर की उसके दोस्त ने हत्या कर दी। आरोपी ने फोन कर दोस्त को अपने किराए के मकान पर बुलाया था। यहां पुराने लेनदेन, प्रॉपर्टी और बाइक को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ने पर आरोपी ने डंडे से दोस्त के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी शव को चादर में लपेटकर कमरे में बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला चिखली चौकी क्षेत्र का है।

फोन कर दोस्त को बुलाया, कमरे में हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक मोतीपुर रामनगर निवासी अर्जुन वाधवानी (30) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बुधवार, 2 सितंबर की रात उसके दोस्त सुनील वर्मा (30) ने फोन कर उसे अपने किराए के मकान पर बुलाया था। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से पैसों के लेनदेन और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया है कि अर्जुन ने सुनील की बाइक अपने पास रख ली थी। इसी बाइक को लेकर भी दोनों के बीच विवाद था। कमरे में पुराने लेनदेन को लेकर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया।

डंडे से सिर पर हमला, मौके पर मौत

पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान सुनील ने अर्जुन पर डंडे से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अर्जुन की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर कमरे के अंदर रख दिया और बाहर से ताला लगाकर वहां से फरार हो गया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी शव को ठिकाने लगाने की कोशिश में था, लेकिन उसे मौका नहीं मिल सका।

पुलिस पहुंची तो आरोपी ने कहा- कमरे में कुछ नहीं है

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जब कमरे का ताला खोलने की कोशिश कर रही थी, तब आरोपी ने पुलिस को रोकने का प्रयास किया और कहा कि कमरे के अंदर कुछ नहीं है। संदेह होने पर पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे की तलाशी ली। अंदर चादर में लिपटा अर्जुन का शव बरामद हुआ।

उधारी, प्रॉपर्टी और बाइक को लेकर विवाद की आशंका

राजनांदगांव के एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर के अनुसार प्राथमिक जांच में मृतक और आरोपी के बीच उधारी, प्रॉपर्टी डीलिंग तथा बाइक को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते हत्या की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Related posts

बजरंग दल का पूर्व जिला अध्यक्ष रवि निगम जिला बदर, 7 जिलों में एंट्री हुई बैन

भिलाई स्टील प्लांट में 100 किलो स्क्रैप कॉपर केबल चोरी, 5 आरोपी गिरफ्तार

एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान खंभे से टकराया इंडिगो विमान, सवार थे 200 यात्री