बजरंग दल का पूर्व जिला अध्यक्ष रवि निगम जिला बदर, 7 जिलों में एंट्री हुई बैन

बजरंग दल का पूर्व जिला अध्यक्ष रवि निगम जिला बदर, 7 जिलों में एंट्री हुई बैन

CG Prime News@दुर्ग. आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अभिजीत सिंह ने आरोपी रवि निगम के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(ख) के तहत जारी आदेश में रवि निगम को राजस्व जिला दुर्ग समेत सीमावर्ती जिलों की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

एक सप्ताह के भीतर जिला छोड़ने का आदेश

आदेश के अनुसार रवि निगम पिता प्रदीप निगम, उम्र 35 वर्ष, निवासी रावण भाठा, सुपेला, जिला दुर्ग को आदेश जारी होने की तारीख से एक सप्ताह के भीतर दुर्ग और उसके सीमावर्ती जिलों की सीमाओं से बाहर चले जाने के लिए कहा गया है। इसके बाद वह एक वर्ष की अवधि तक जिला दंडाधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना इन जिलों में प्रवेश नहीं कर सकेगा। जिलाबदर की कार्रवाई दुर्ग के अलावा रायपुर, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बालोद और धमतरी जिलों में भी लागू होगी।

12 साल से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता का रिकॉर्ड

पुलिस अधीक्षक दुर्ग की ओर से प्रस्तुत प्रतिवेदन और थाना सुपेला के आपराधिक रिकॉर्ड में रवि निगम के खिलाफ पिछले करीब 12 वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने की जानकारी सामने आई है। उसके खिलाफ बलवा, रास्ता रोककर डराने-धमकाने, मारपीट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और हथियार दिखाकर लोगों को भयभीत करने जैसे मामले दर्ज होने का उल्लेख है।

सुपेला और नंदिनी नगर थाने में दर्ज हैं मामले

रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना सुपेला में वर्ष 2013, 2018 और 2023, जबकि थाना नंदिनी नगर में वर्ष 2022 में आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए थे। पुलिस की ओर से समय-समय पर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई, लेकिन उसकी आपराधिक गतिविधियों में सुधार नहीं आया।

लोक शांति बनाए रखने के लिए कार्रवाई

प्रशासन के अनुसार आरोपी के कथित भय के कारण स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल बना रहता था और लोग उसके खिलाफ शिकायत या साक्ष्य देने से डरते थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन, साक्षियों के कथनों और उपलब्ध दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने जिलाबदर का आदेश जारी किया है।

Related posts

राजनांदगांव में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, दोस्त ने डंडे से पीटकर मार डाला

भिलाई स्टील प्लांट में 100 किलो स्क्रैप कॉपर केबल चोरी, 5 आरोपी गिरफ्तार

एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान खंभे से टकराया इंडिगो विमान, सवार थे 200 यात्री