CG Prime News@दुर्ग. जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में उतई पुलिस ने YouTube चैनल के जरिए सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो बनाकर प्रसारित करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी “ANSHU MATKA” नामक YouTube चैनल/अकाउंट के माध्यम से सट्टा गतिविधियों से जुड़े अंकों का प्रचार-प्रसार कर रहा था।
डुमरडीह बस स्टैंड से आरोपी पकड़ा गया
पुलिस को 4 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि डुमरडीह बस स्टैंड स्थित अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक व्यक्ति मोबाइल फोन से सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो तैयार कर YouTube पर अपलोड और सार्वजनिक रूप से प्रसारित कर रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए उतई पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर संदेही को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि चेलक (29), निवासी बड़े पारा, जय स्तंभ चौक, डुमरडीह, थाना उतई, जिला दुर्ग बताया।
दो मोबाइल फोन और डिजिटल सामग्री जब्त
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से Vivo कंपनी के दो Android मोबाइल फोन मिले। पुलिस के मुताबिक मोबाइल की जांच के दौरान YouTube पर “ANSHU MATKA” नामक चैनल के माध्यम से “राजधानी नाईट कल्याण जोड़ी” समेत सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी वाले वीडियो अपलोड और प्रसारित किए जाने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने सट्टा संचालन और लेन-देन से संबंधित डिजिटल सामग्री एवं उपलब्ध विवरण को जब्त कर लिया है।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया आरोपी
उतई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 444/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 06(क), 07(1) और 11 के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब सट्टा गतिविधियों से जुड़े संभावित संपर्कों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
क्या था आरोपी का तरीका
पुलिस के अनुसार आरोपी YouTube चैनल पर सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो तैयार करता था और उन्हें सार्वजनिक रूप से प्रसारित करता था। पुलिस का कहना है कि इस माध्यम से सट्टा गतिविधियों के लिए अंकों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था।