CG Prime News@दिल्ली. दिल्ली में कॉकरोज जनता पार्टी (Cockroach Janata Party) के संसद मार्च के दौरान सोमवार को जमकर बवाल हो गया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षाबलों और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। वहीं सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को पुलिस ने प्रदर्शन स्थल खाली कराते हुए मंच और टेंट हटाए, जबकि प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कार्रवाई की गई।
सुबह 8 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, CJP का प्रदर्शन सोमवार सुबह 8 बजे जंतर-मंतर पर शुरू हुआ था। प्रदर्शनकारी विभिन्न मांगों को लेकर जुटे थे। सुबह करीब 10 बजे स्थिति तब बिगड़ी जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर संसद की ओर बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हुई।
संसद के पास पहुंची भीड़, सुरक्षा कड़ी
प्रदर्शनकारियों के संसद के करीब पहुंचने की सूचना मिलते ही संसद परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई। मुख्य द्वार बंद कर दिया गया और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए। पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए। घटनाक्रम के दौरान प्रधानमंत्री समेत कई सांसद संसद परिसर में मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी।
दिल्ली में कॉकरोज जनता पार्टी के संसद मार्च के दौरान जमकर बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
हिरासत को लेकर विरोधाभासी दावे
CJP ने दावा किया है कि उसके नेता अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस दावे से इनकार किया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई में कई लोग घायल हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से हिंसक गतिविधियों से दूर रहने और अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है।
वांगचुक की स्वास्थ्य रिपोर्ट पर हाईकोर्ट सख्त
इस बीच दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य रिपोर्ट तलब की है। गीतांजलि अंगमो की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने अगली सुनवाई 21 जुलाई के लिए तय की है।
CJP ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
CJP प्रतिनिधि आशुतोष रांका ने दावा किया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं—
सोनम वांगचुक को तत्काल रिहा किया जाए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। NEET-UG 2026 की तैयारी कर रहे आत्महत्या करने वाले अभ्यर्थियों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाए।
जेपी नड्डा ने कहा- प्रदर्शनकारियों से धरना खत्म करने की अपील की
आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत करने का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 AM से ही हमारी बातचीत जारी है। सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मुलाकात हुई। उनके डेलीगेशन के साथ विस्तार से पहले मौखिक चर्चा हुई और उनके द्वारा लगभग 4 बजे मुझे लिखित याचिका दी गई। मैंने सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध किया कि वे अपने धरने को समाप्त करें और सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन की मदद करें।
केजरीवाल बोले- सरकार युवाओं की बात सुने
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को केंद्र से अपील की कि वे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का आदेश देने के बजाय युवाओं की बात सुनें। X पर एक वीडियो संदेश में, आम आदमी पार्टी (AAP) नेता ने सरकार से अहंकार छोड़ने और युवाओं की बात सुनने का आग्रह किया।
बिहार विधानसभा के बाहर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर बिहार विधानसभा परिसर में विपक्षी नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया है। विपक्षी नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है।