CG Prime News@धमतरी. Road Accident in Dhamtari: Head Constable Dies छत्तीसगढ़ के धमतरी में मंगलवार देर रात गश्त पर निकले बाइक सवार हेड कांस्टेबल और एक नगर सैनिक को पिकअप वाहन ने जोरदार ठोकर मार दी। पिकअप की ठोकर से बाइक सवार पुलिस हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
सिहावा चौक के पास हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहावा चौक के पास मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि में हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल दोनों जवानों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
गश्त में निकले पुलिस हेड कांस्टेबल को पिकअप ने मारी ठोकर, मौके पर मौत, सैनिक घायल
डॉक्टरों ने कर दिया मृत घोषित
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने हेड कांस्टेबल विजय बैरागी को मृत घोषित कर दिया। विजय बैरागी बांस पारा के निवासी थे। घायल नगर सैनिक जवान रामपुर वार्ड का निवासी बताया जा रहा है, जिसका इलाज जारी है। इस दुर्घटना के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है।
50 फीट तक घसीटा
टक्कर के बाद पिकअप ने बाइक सवार जवानों को करीब 50 फीट तक घसीटा। इस दौरान पिकअप ने सड़क किनारे खड़े एक ठेले को भी अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने पिकअप वाहन और उसके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
पिकअप ने पीछे से मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल और नगर सैनिक जवान बस स्टैंड पर गश्त कर सिहावा चौकी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।