कलेक्टर के निर्देश पर अवैध टेंट जब्त, सड़क अतिक्रमण हटाया

कलेक्टर के निर्देश पर निगम टीम ने जेआरडी स्कूल के पास सड़क से अवैध टेंट हटाकर मार्ग मुक्त कराया।

दुर्ग | नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र अंतर्गत जे.आर.डी. स्कूल के समीप सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टेंट और अन्य सामग्री जब्त कर ली। गुरुवार सुबह कार्यालय जाते समय कलेक्टर अभिजीत सिंह की नजर सड़क पर लगाए गए टेंट पर पड़ी, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। उन्होंने तुरंत नगर निगम आयुक्त को कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर के निर्देश पर पहुंची अतिक्रमण टीम

कलेक्टर के निर्देश के पालन में निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में अतिक्रमण दस्ता मौके पर पहुंचा। जांच में पाया गया कि कम्पनी मारुति सुजुकी द्वारा सड़क किनारे टेंट लगाकर मार्ग को आंशिक रूप से घेर लिया गया था, जिससे आम लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी।

निगम टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टेंट, ढांचा एवं अन्य सामग्री जब्त कर ली और मार्ग को पूरी तरह खाली कराया।

आम नागरिकों को मिली राहत

अतिक्रमण हटने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई और नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा फिर से उपलब्ध हो सकी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

निगम की सख्त चेतावनी

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक सड़कों या मार्गों को बाधित करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

निगम ने नागरिकों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचें।

Related posts

राहुल गांधी ने अभनपुर में कांग्रेस जिला अध्यक्षों को दी ट्रेनिंग, टपरी पर चाय पीकर दिल्ली लौटे

भिलाई में 19 साल के छात्र ने हॉस्टल में किया सुसाइड

दुर्ग में डिप्टी CM साव ने किया योग, सांसद बोले-PM ने दिलाई वैश्विक प्रतिष्ठा