Sunday, April 5, 2026
Home » Blog » मॉडल ग्राम बनेगा जोगीडीह, सिंचाई की होगी सुविधा

मॉडल ग्राम बनेगा जोगीडीह, सिंचाई की होगी सुविधा

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

कलेक्टर ने गांव को मॉडल बनाने और सिंचाई के साधन विकसित करने निकाला फरमान

CG Prime News@धमतरी. ग्राम जोगीडीह में चल रहे विस्तृत राजस्व सर्वेक्षण कार्य का कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने गुरुवार को निरीक्षण किए। सर्वेक्षण में गांव की सीमा निर्धारित करने और गांव के चारों ओर स्थायी चांदामुनारा निर्मित करने आदेश दिए। वहीं जोगीडीह ग्राम को एक मॉडल के रूप में विकसित करने अधिकारियों को फरमान सुनाया है।

कलेक्टर ने सर्वेक्षण कार्य की विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को गांव की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए गांव में सिंचाई के साधन विकसित करने प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के इस आदेश से गांव के लोगों में खुशी की लहर है। बता दें कि विगत 40 वर्षो से इस गांव के ग्रामवासियों द्वारा राजस्व ग्राम का दर्जा दिये जाने की मांग की जा रही थी, जिसे बीते वर्ष राजस्व ग्राम घोषित किया गया है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, आरआई भारती के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे।

भुईंया साफ्टवेयर में किया जाएगा अपलोड

राजस्व विभाग द्वारा गंगरेल बांध डूबान प्रभावितों के व्यवस्थापन के लिए ग्राम पंचायत लीलर के राजस्व ग्राम बागोडार के पारा के रूप में जोगीडीह को बसाया गया है। इस गांव का विस्तृत सर्वेक्षण करने भू-अभिलेख शाखा द्वारा 50 सदस्यीय दल का गठन किया गया है। सर्वेक्षण उपरांत अभिलेखों का निर्माण कर भुईंया साफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा, ताकि यहां के ग्रामीण शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ ले सकें।

You may also like