लापरवाही से ट्रक चलाने पर चालक गिरफ्तार, बाइक सवार की मौत

रसमड़ा चौक में ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल चालक की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार।

दुर्ग। जिले के रसमड़ा चौक में तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक ऐमंत साहू, निवासी सलोनी घुमका, 28 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 ZR 3592 से अपने मित्र जुगल किशोर के साथ ए.एस. ग्लोबल फैब्रिकेशन कंपनी रसमड़ा जा रहे थे। इसी दौरान रायपुर स्टील प्लांट के सामने रसमड़ा चौक में पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 07 BF 3747 ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद घसीटने से हुई मौत

हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक ट्रक के नीचे फंस गया, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति छिटककर दूर जा गिरा और उसकी जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक चालक को नीचे व्यक्ति फंसे होने की जानकारी दी, लेकिन आरोपी ने वाहन नहीं रोका और लगभग 15–20 मीटर तक युवक को घसीटता रहा। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में चालक की गंभीर लापरवाही सामने आई।

आरोपी चालक गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर धारा 106(1) एवं 281 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक दिलीप सोनी (50 वर्ष), निवासी लेबर कैंप जामुल, दुर्ग को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक को भी जप्त कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई में चौकी अंजोरा प्रभारी उपनिरीक्षक चंद्रशेखर सोनी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। विशेष रूप से भारी वाहन चालक नियंत्रित गति से वाहन चलाएं और सावधानी बरतें। लापरवाही से वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Related posts

छत्तीसगढ़- 33% महिला आरक्षण लागू करने शासकीय संकल्प होगा पेश

दुर्ग में मंत्री गजेंद्र की समीक्षा बैठक, बोले-जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें

भिलाई के खुर्सीपार में 18 साल का लड़का 3.200 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार