CG Prime News@बिलासपुर.Husband and wife commit suicide in Bilaspur बिलासपुर में एक किराए के मकान में पति-पत्नी की एक ही फंदे पर लटकते हुए लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना मंगलवार सुबह सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारा। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच में सामने आया है कि सोमवार रात उनके घर से झगड़े की आवाज आ रही थी। इसके बाद तेज आवाज में गाना चल रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मूल रूप से एमपी के रहने वाले थे मृतक
मिली जानकारी के अनुसार अमरकंटक थाना क्षेत्र के ग्राम जामकछार निवासी रमेश सिंह बंजारा (36) अपनी पत्नी माया बंजारा (32) और दो बच्चों (13 साल की बेटी और 5 साल का बेटा) के साथ सिरगिट्टी के नयापारा वार्ड नंबर-12 में किराए के मकान में रहते थे। वे यहां पिछले 10-12 साल से रह रहे थे। मंगलवार सुबह घर से बच्चों के रोने की आवाज आने पर मकान मालिक मौके पर पहुंचा। जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस को सुसाइड की आशंका
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस पति-पत्नी के इस कदम के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को सुसाइड की आशंका है, इसकी वजह आपसी झगड़ा बताया जा रहा है। एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि दोनों के शव साड़ी के फंदे पर मिले थे। पुलिस मामला दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था
दोनों पति-पत्नी इंडस्ट्रियल इलाके की एक कंपनी में काम करते थे। बताया जा रहा है सोमवार (10 अगस्त) रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद घर से तेज आवाज में गाने की आवाज आ रही थी। मंगलवार (11 अगस्त) सुबह मकान मालिक रमेश कुमार साहू को कमरे से बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वे फौरन कमरे की ओर पहुंचे। खिड़की से देखा तो दंपती की लाश एक ही फंदे पर लटकी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।