CG Prime News@रायपुर. Lawrence Bishnoi Threat Shoaib Dhebar रायपुर में कांग्रेस नेता अजीत कुकरेजा के पिता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने के मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ी है। तेलीबांधा पुलिस ने शनिवार देर रात शोएब ढेबर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सेंट्रल जोन एसीपी, थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारियों की टीम उससे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
दूसरे लोगों से फोन करवाने का संदेह
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, धमकी देने के लिए दूसरे लोगों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। जांच में हरियाणा के एक युवक का भी पता चला है, जो रायपुर के एक होटल में काम करता है। पुलिस को जानकारी मिली है कि होटल के वाई-फाई के जरिए उससे धमकी भरे फोन करवाए जाते थे। वीआईपी रोड क्षेत्र के एक होटल में बैठकर शराब पीने के बाद कॉल किए जाने की जानकारी भी जांच का हिस्सा है। पुलिस अब होटल में मौजूदगी, वाई-फाई कनेक्शन, मोबाइल फोन, इंटरनेट कॉल और लोकेशन से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि संबंधित लोगों की आपस में कितनी बार मुलाकात हुई।
जांजगीर के युवक से पूछताछ में सामने आया नाम
इस मामले में पुलिस ने पहले जांजगीर-चांपा जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि उसने लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फोन कर धमकी दी थी। इसके बदले करीब पांच हजार रुपये दिए जाने की बात जांच में सामने आई है। इसी पूछताछ के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
सात लोगों को धमकी देने की जांच
पुलिस को अब तक करीब सात लोगों को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी दिए जाने की जानकारी मिली है। जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि इन घटनाओं के पीछे एक ही नेटवर्क है या अलग-अलग लोगों ने एक ही नाम का इस्तेमाल किया। कॉल डिटेल, इंटरनेट कॉल, मोबाइल लोकेशन और पैसों के लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
ढेबर परिवार को 50 करोड़ की धमकी का मामला भी जांच में
कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता और रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर कथित तौर पर फोन कर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया था। इस संबंध में कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज है। पुलिस अब दोनों मामलों के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
शोएब ढेबर शराब घोटाला मामले में आरोपित अनवर ढेबर का बेटा और पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा है। हालांकि, धमकी मामले में उसकी भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है। पुलिस पूछताछ के निष्कर्ष और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।