CG Prime News@दिल्ली. Commercial Gas Cylinders Become More Expensive from May 1 देशभर में आज से कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी लागू हो गई है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलो कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 993 रुपये तक की वृद्धि की है, जो इस साल की सबसे बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि 14.2 किलो घरेलू रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कमर्शियल सिलेंडर के नए दाम
नई दरों के अनुसार राजधानी नई दिल्ली में 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर अब 3,071.50 रुपये का हो गया है, जो पहले 2,078.50 रुपये था। मुंबई में इसकी कीमत 3,024 रुपये, जबकि कोलकाता में 3,222.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में सबसे अधिक 1,147 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।वहीं 5 किलो छोटू सिलेंडर की कीमत में भी 261रुपये की वृद्धि की गई है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 810 रुपये हो गई है।
घरेलू उपभोक्ताओं को राहत
तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि 14.2 किलो घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में यह सिलेंडर पहले की तरह 913 रुपये में ही मिलेगा। इससे घरेलू रसोई बजट पर तत्काल असर नहीं पड़ेगा।
पेट्रोल-डीजल भी स्थिर
Indian Oil Corporation सहित तेल कंपनियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें ऊंची रहने के बावजूद पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में कोई संशोधन नहीं किया गया है। नई दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है।
कारोबारियों पर असर
कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होने से होटल, ढाबा, रेस्तरां, बेकरी, कैटरिंग और छोटे फूड व्यवसायों की लागत बढ़ने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर भी इसका असर दिखाई दे सकता है।
क्रूड गुरुवार को 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया
ईरान-अमेरिका जंग के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रेंट क्रूड गुरुवार को 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था, जो 4 साल का उच्चतम स्तर है। हालांकि, बाद में दाम 116 डॉलर तक आ गए। ऐसे में एजेंसियों के हवाले से बताया जा रहा है कि ईरान युद्ध की वजह से महंगे कच्चे तेल से देश की तेल कंपनियों को रोजाना 2,400 करोड़ का नुकसान हो रहा है।