CG Prime News@दुर्ग. heroin supplying gang busted पंजाब से हेरोइन (चिट्टा) मंगाकर भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सप्लाई और बिक्री करने वाले गिरोह का दुर्ग पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। स्मृति नगर चौकी पुलिस ने गिरोह के छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सूचना पर योजनाबद्ध घेराबंदी कर जुनवानी स्थित शंकराचार्य अस्पताल के पीछे से लगभग 18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ आरोपियों को पकड़ा। मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह रंधावा ने बताया कि वह पंजाब से मादक पदार्थ मंगाकर यहां सप्लाई और बिक्री करता था। मादक पदार्थ वह दोगुन दाम में दुर्ग-भिलाई में खपाता था।
ऐसे पुलिस ने गैंग को पकड़ा
जिला दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना सुपेला की चौकी स्मृति नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गुरमीत सिंह रंधावा नामक व्यक्ति पंजाब से हेरोइन (चिट्टा) मंगाकर अपने सहयोगियों के माध्यम से भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में अवैध रूप से बिक्री करता है। सूचना में यह भी बताया गया कि उक्त व्यक्ति अपने अन्य साथियों के साथ जुनवानी स्थित शंकराचार्य अस्पताल के पीछे मौजूद है। मादक पदार्थ की बिक्री की तैयारी कर रहा है।
आरोपियों की तलाशी पर मिला मादक पदार्थ
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा तत्काल उसकी तस्दीक की गई। सूचना सही पाए जाने पर स्मृति नगर चौकी पुलिस द्वारा योजनाबद्ध रणनीति बनाकर मौके की घेराबंदी की गई। पुलिस टीम ने संदेहास्पद व्यक्तियों को चारों ओर से घेरकर हिरासत में लिया। उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से लगभग 18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 6 मोबाइल फोन, नशा सेवन में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामग्री को जप्त कर पंचनामा तैयार किया गया।
दोगुने दाम में बेचते हैं मादक पदार्थ
पूछताछ में मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह रंधावा ने बताया कि वह पंजाब से लगभग 3,000 प्रति ग्राम की दर से हेरोइन खरीदकर भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में अपने सहयोगियों के माध्यम से लगभग 6,000 प्रति ग्राम की दर से बिक्री करता था। गिरोह द्वारा युवाओं एवं नशे के आदी व्यक्तियों को लक्षित कर छोटे-छोटे हिस्सों में मादक पदार्थ की आपूर्ति की जाती थी। जिससे अवैध आर्थिक लाभ अर्जित किया जाता था।
मोबाइल की जांच जारी
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपी आपस में समन्वय स्थापित कर मादक पदार्थों के परिवहन, भंडारण और बिक्री का कार्य करते थे। पुलिस द्वारा आरोपियों के मोबाइल फोन एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनके संपर्क में रहने वाले व्यक्तियों, सप्लायर, ग्राहकों, वित्तीय लेन-देन और पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
इस मामले में थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 1091/2026 में धारा 21(ख), 27 एवं 29 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
1. गुरमीत सिंह रंधावा, उम्र 26 वर्ष, निवासी विवेकानंद नगर, कमलापति बिल्डर्स के पीछे, चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
2. गगनदीप सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड, नालंदा स्कूल के पास, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
3. शुभम कुमार बैस, उम्र 29 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड, नालंदा स्कूल के पास, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
4. जी. विनित, उम्र 30 वर्ष, निवासी क्वार्टर नं. 23-एफ, सड़क नं. 28, सेक्टर-4, भिलाई, थाना भिलाई भ_ी, जिला दुर्ग।
5. उत्तम सिंह उर्फ बॉबी, उम्र 28 वर्ष, निवासी कैंप-02, चटाई क्वार्टर, गायत्री मंदिर के पास, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
6. अब्दुल कादिर, उम्र 34 वर्ष, निवासी एलआईजी-1/1203, प्रगति नगर, थाना जामुल, जिला दुर्ग।