CG Prime News@बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जल्द ही बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिलेगा। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का नया चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की है। मौजूदा चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा 4 सितंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद जस्टिस मोहपात्रा की नियुक्ति का रास्ता साफ हो सकता है।
जस्टिस संजय अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट की जिम्मेदारी
कॉलेजियम ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के वरिष्ठ जज जस्टिस संजय के. अग्रवाल को प्रमोशन देकर राजस्थान हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की भी अनुशंसा की है। जस्टिस अग्रवाल के राजस्थान हाईकोर्ट जाने के बाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में एक वरिष्ठ जज की कमी होगी। उनकी नई जिम्मेदारी को हाईकोर्ट के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
कई हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस बदलने की सिफारिश
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने देश के अन्य हाईकोर्ट के लिए भी नए चीफ जस्टिस की अनुशंसा की है। गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कागजी को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की गई है। वहीं राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की गई है।
ओडिशा हाईकोर्ट के जज का छत्तीसगढ़ तबादला
कॉलेजियम ने ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा के तबादले की भी सिफारिश की है। उनका तबादला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट किया गया है और इसी के साथ उन्हें यहां का चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की गई है। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की कमान संभाल सकते हैं।
तीन नए जजों की नियुक्ति की भी अनुशंसा
कॉलेजियम ने हाईकोर्ट में तीन नए जजों की नियुक्ति की अनुशंसा भी की है। इनमें बेंच कोटे से न्यायिक अधिकारी संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार के नाम शामिल हैं। इन नियुक्तियों के बाद हाईकोर्ट की न्यायिक व्यवस्था में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।