खाटूश्याम जा रहे यात्रियों की मिनी बस नाले में गिरी, 8 लोगों की मौत, 17 घायल

खाटूश्याम जा रहे यात्रियों की मिनी बस नाले में गिरी, 8 लोगों की मौत, 17 घायल

CG Prime News@कोटा. राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। हादसा सिमलिया थाना क्षेत्र में सुबह करीब 6 बजे हुआ। यात्रियों से भरी ट्रैवलर मिनी बस अनियंत्रित होकर कराड़िया टोल के पास पुलिया से नीचे जा गिरी। दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के मुताबिक, ट्रैवलर भोपाल से राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी जा रही थी। कोटा शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर यह हादसा हुआ। बस में सवार अधिकतर लोग मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले थे।

खाटूश्याम जा रहे यात्रियों की मिनी बस नाले में गिरी, 8 लोगों की मौत, 17 घायल

अंधेरे में चला रेस्क्यू ऑपरेशन, खिड़कियां तोड़कर निकाले गए घायल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सुबह के समय अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कुछ परेशानी आई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी घायलों को बाहर निकालने में मदद की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को निकालने के लिए बस की खिड़कियां तोड़ी गईं। बचाव दल के एक सदस्य ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एक शव डैशबोर्ड का शीशा तोड़कर बाहर की ओर आ गया था।

मृतकों में बस चालक भी शामिल, सभी की हुई पहचान

न्यू मेडिकल कॉलेज, कोटा के प्राचार्य डॉ. नीलेश जैन के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों और घायलों की पहचान कर ली गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सात लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों में अरुणा (40), वैष्णवी (25), त्रिशा (22), कृष्णा, अनिता (50), ओम सूर्यवंशी और राजू शामिल हैं। ये सभी मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के निवासी बताए गए हैं। बस चालक सचिन गिरी (27), निवासी बनखेड़ी, जिला नर्मदापुरम की भी दुर्घटना में मौत हो गई।

घायलों से मिले ओम बिरला, हाईवे सुरक्षा की समीक्षा होगी

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे सहित अन्य राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं का अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नवंबर में प्रस्तावित बैठक के बाद दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी ब्लैक स्पॉट को सुधारने के लिए कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

शव लेकर बैतूल रवाना हुए परिजन

पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतकों के परिजन शव लेकर एंबुलेंस से मध्य प्रदेश के बैतूल के लिए रवाना हो गए। मध्य प्रदेश सरकार ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए मंदसौर के एसडीएम और तहसीलदार को कोटा भेजा था। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Related posts

दुर्ग में प्रेम प्रसंग के विवाद में मंगेतर पर जानलेवा हमला, आंखों में मिर्च डालकर चाकू से किया वार

एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, बिस्तर पर मिले पति-पत्नी और 3 बच्चों के शव

नवरात्रि में जसगीत गाने जा रही महिलाओं को बुलेट ने मारी ठोकर, दो महिलाओं की मौत