CG Prime News@दिल्ली. PM Modi on GDP Growth: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8% GDP ग्रोथ रेट को देशवासियों की इच्छाशक्ति, मेहनत और सामूहिक ताकत का परिणाम बताया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने देश की आर्थिक प्रगति पर लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद भारत ने 7.8% की विकास दर हासिल की है और अब देश को इसी रफ्तार को बनाए रखते हुए तेजी से आगे बढ़ना होगा।
PM मोदी की सोना नहीं खरीदने की अपील
पीएम मोदी ने एक बार फिर लोगों से गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर सोने की जरूरत नहीं है तो उसे नहीं खरीदना चाहिए। इससे पहले 10 मई को भी प्रधानमंत्री ने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। पीएम ने कहा कि भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लोगों को मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भरता के मंत्र के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने विदेश यात्रा और विदेश में शादी करने से भी बचने की अपील की।
‘झूठ की गूंज’ से माहौल खराब करने वालों पर निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि देश में कुछ लोग निराशा फैलाने और ‘झूठ की गूंज’ के सहारे माहौल खराब करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था ने मजबूत विकास दर हासिल की है।
सोने की खरीद में कमी, लेकिन आयात बिल बढ़ा
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 2025-26 में भारत ने पिछले कारोबारी साल की तुलना में करीब 4.76% कम सोना खरीदा, लेकिन सोने के आयात पर होने वाला खर्च करीब 24% बढ़ गया। इसकी प्रमुख वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में तेज बढ़ोतरी रही।
फिजिकल गोल्ड की जगह ETF का विकल्प
फिजिकल गोल्ड यानी गहने या सिक्के खरीदने के बजाय निवेशक गोल्ड ETF जैसे विकल्पों पर भी विचार कर सकते हैं। ETF में सोना रखने के लिए घर या बैंक लॉकर की जरूरत नहीं होती और चोरी का जोखिम भी कम रहता है। हालांकि निवेश से पहले जोखिम और रिटर्न को समझना जरूरी है। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि भारत जब आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब देश की युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपा जाएगा।