बहू पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर सास ने दी जान, दीवार पर लिखा-‘पूर्णिमा और उसके मायके वाले जिम्मेदार’

बहू पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर सास ने दी जान, दीवार पर लिखा-‘पूर्णिमा और उसके मायके वाले जिम्मेदार’

CG Prime News@कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा में पारिवारिक विवाद के बीच 40 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले लक्ष्मी ने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाया और अपनी बहनों को भेजा। वीडियो में उसने कहा कि वह बेइज्जत होकर नहीं जी सकती। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मणबंध की है।

दीवार पर लिखा बहू को जिम्मेदार

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे की जांच के दौरान दीवार पर हाथ से लिखा एक संदेश मिला। इसमें लक्ष्मी ने अपनी बहू पूर्णिमा महंत और उसके मायके वालों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। साथ ही उसने लिखा कि उसके पति का इस मामले में कोई हाथ नहीं है और वह अपने बच्चे को पति के हाथों सौंपकर जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। सुसाइड नोट की लिखावट की पुष्टि के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद लेने की बात सामने आई है।

दूसरी शादी के बाद घर में विवाद

परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, कोरोना काल में लक्ष्मी के पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके दो बच्चे हैं। इसके बाद लक्ष्मी ने 13 जून 2025 को कार्तिक दास से सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार दूसरी शादी की थी। कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करते हैं और उनकी पहली पत्नी से भी दो बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।

बहू से आए दिन होता था विवाद

बताया गया है कि लक्ष्मी और उसकी बहू पूर्णिमा महंत के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पूर्णिमा का पति संजय दास एक निजी कंपनी में काम करता है और उसका करीब तीन साल का बेटा भी है। घटना से कुछ समय पहले परिवार में विवाद हुआ था। इस दौरान पति, बहू और बेटे के बीच कहासुनी बढ़ गई थी। इस विवाद से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आने की जानकारी है।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य

कोतवाली पुलिस अब वीडियो, दीवार पर लिखे संदेश और परिवार के सदस्यों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आत्महत्या से पहले महिला के साथ वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ था। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Related posts

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिलेगा नया चीफ जस्टिस, जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा की नियुक्ति की अनुशंसा

PM मोदी ने दूसरी बार देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील की, जानिए वजह

शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर दुर्ग में 2 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी