CGPSC राज्य सेवा परीक्षा-2025 का इंटरव्यू स्थगित, 608 अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार

CGPSC राज्य सेवा परीक्षा-2025 का इंटरव्यू स्थगित, 608 अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार

CG Prime News@रायपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 की चयन प्रक्रिया के अगले चरण को स्थगित कर दिया है। आयोग के जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू अब तय कार्यक्रम के अनुसार नहीं होंगे। नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी। आयोग ने फिलहाल प्रक्रिया स्थगित करने का कारण स्पष्ट नहीं किया है।

265 पदों के लिए 608 अभ्यर्थी चयनित

राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत प्रदेश के 20 विभागों में कुल 265 पदों पर भर्ती की जानी है। मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए पात्र घोषित किया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 सितंबर से दस्तावेजों की जांच शुरू होनी थी और इसके बाद अलग-अलग तारीखों में साक्षात्कार आयोजित किए जाने थे।

रिजल्ट के बाद उठे थे सवाल

मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थियों की संख्या को लेकर सवाल उठे थे। कांग्रेस ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए आयोग से स्थिति स्पष्ट करने और इंटरव्यू स्थगित करने की मांग की थी।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि 265 पदों के लिए 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चयनित किया जाना चाहिए था, जबकि 608 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। आयोग की ओर से बताया गया कि 187 अभ्यर्थी न्यूनतम निर्धारित अंक हासिल नहीं कर सके। बघेल ने इस संबंध में आयोग से स्पष्टीकरण मांगा था।

ED की जांच के दायरे में भर्ती परीक्षाएं

इसी बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से 2020 और 2021 में आयोजित CGPSC की कई भर्ती परीक्षाओं की भी जांच की जा रही है। इनमें राज्य सेवा, राज्य अभियांत्रिकी सेवा, सहायक प्राध्यापक, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, सिविल जज, सहायक भू-रसायनज्ञ, छत्तीसगढ़ वन सेवा और नगर निवेशक से जुड़ी परीक्षाएं शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इन परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों की भर्ती और पोस्टिंग हो चुकी है।

नई तारीख का इंतजार

इंटरव्यू स्थगित होने के बाद अब 608 अभ्यर्थियों को संशोधित कार्यक्रम का इंतजार है। CGPSC ने कहा है कि दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की नई तारीखें बाद में जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है।Alt Text: CGPSC राज्य सेवा परीक्षा 2025 का इंटरव्यू स्थगित, 608 अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार

Related posts

रेल पटरी पर बैठकर Free Fire खेल रहे दो नाबालिग मालगाड़ी की चपेट में आए, एक की मौत

दिशा सालियान केस: पिता ने आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख को भेजा 500 करोड़ का मानहानि नोटिस

Durg: साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 3162 म्यूल खातों की पहचान