CG Prime@सक्ती. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मोबाइल गेम खेलने के दौरान दो नाबालिगों के रेल पटरी पर बैठे रहने से दर्दनाक हादसा हो गया। बाराद्वार थाना क्षेत्र में 15 सितंबर की रात मालगाड़ी की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र टिकेश साहू की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त नवीन खांडे गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों कक्षा 9वीं के छात्र बताए गए हैं।
चार दोस्त पटरी के पास बैठे थे
जानकारी के मुताबिक, सकरेलीभाठा के रहने वाले टिकेश साहू और नवीन खांडे 15 सितंबर की रात करीब 8 बजे अपने दो अन्य दोस्तों के साथ सकरेलीभाठा फाटक के पास रेल पटरी पर बैठे थे। चारों मोबाइल फोन पर गेम खेल रहे थे। कुछ देर बाद दो बच्चे पास में बने गणेश पंडाल में प्रसाद लेने चले गए। टिकेश और नवीन वहीं पटरी के पास बैठे रहे।
ईयरफोन लगाने से ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाए
बताया गया कि टिकेश और नवीन दोनों ने कान में ईयरफोन लगा रखा था और मोबाइल पर Free Fire गेम खेलने में व्यस्त थे। इसी दौरान बाराद्वार की ओर से मालगाड़ी पहुंच गई। ट्रेन की चपेट में आने से टिकेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नवीन के सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आईं।
गंभीर हालत में चांपा रेफर
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल नवीन को तत्काल बाराद्वार अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे चांपा रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलने पर बाराद्वार पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। 16 सितंबर की सुबह टिकेश के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। छात्र की मौत की खबर से परिवार के साथ स्कूल और गांव में शोक का माहौल है।
बाराद्वार थाना प्रभारी नरेंद्र यादव के अनुसार, पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में कुछ नाबालिग बच्चों के रेल पटरी के आसपास बैठकर मोबाइल गेम खेलने की आदत पहले भी देखी गई है।