CG Prime News@रायपुर/जगदलपुर. Prime Minister Modi Birthday 2026 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ में भाजपा (BJP) की ओर से विभिन्न जिलों में दीपोत्सव सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेशभर में करीब 40 लाख दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है। राजधानी रायपुर में सबसे बड़े आयोजन की तैयारी है, जहां शाम 7 बजे मरीन ड्राइव क्षेत्र में 25 लाख दीये जलाए जाएंगे। वहीं जगदलपुर में दीपोत्सव की तैयारियों के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया।
PM मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में दीपोत्सव, जगदलपुर में BJP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प
जगदलपुर में मंदिर के सामने विवाद
जगदलपुर में दीपोत्सव के लिए कार्यक्रम स्थल पर डेढ़ लाख से अधिक दीये सजाए गए हैं। आयोजन की तैयारियों के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने दुकानों को बंद कराने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर आपत्ति जताई। इसी दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बहस होने के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी शुरू हो गई। स्थिति कुछ देर में धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर जूते-चप्पल फेंके जाने की बात सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।
रायपुर में 25 लाख दीयों से सजेगा शहर
राजधानी रायपुर में भाजपा ने ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत 25 लाख दीप जलाने का संकल्प लिया है। कटोरा तालाब के किनारे महिलाएं आयोजन के लिए रंगोलियां तैयार कर रही हैं। रंग-बिरंगी रंगोलियों से कार्यक्रम स्थल को सजाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर कटोरा तालाब से कैनाल रोड तक करीब चार किलोमीटर क्षेत्र में दीप जलाए जाएंगे। शाम को सड़क के दोनों ओर दीपों की रोशनी देखने को मिलेगी। कार्यक्रम को देखते हुए शहर के कुछ मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया गया है।
कांग्रेस ने कार्यक्रम पर उठाए सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर इसे ‘नौटंकी’ बताया और कहा कि लोगों का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी कहा कि केवल दीया जलाने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। इस बीच भाजपा कार्यकर्ता आयोजन को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जनभागीदारी और उत्सव के रूप में आयोजित कर रहे हैं।