CG Prime News@बिलासपुर. Bilaspur Juvenile Home Murder छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित बाल सुधार गृह (बाल संप्रेक्षण गृह) से चार बाल अपचारी चौकीदार की हत्या कर फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस फरार चारों की तलाश में विशेष टीमें गठित कर जांच में जुटी है, जबकि मृतक के परिजनों ने बाल सुधार गृह का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है।
छत्तीसगढ़: बाल सुधार गृह में चौकीदार की हत्या कर 4 अपचारी बालक फरार
रात में वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे चार बाल अपचारियों ने ड्यूटी पर तैनात चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे (40) पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले उनके साथ मारपीट की गई, फिर हाथ-पैर बांधकर गला दबाया गया और मुंह में गमछा ठूंस दिया गया। इसके बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक नरेंद्र कुमार खांडे तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद गांव के निवासी थे और पिछले लगभग एक वर्ष से बाल सुधार गृह में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे।
परिजनों का विरोध, 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में बाल सुधार गृह पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का विरोध करते हुए परिसर का घेराव किया। परिजनों ने प्रशासन को 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी, भरण-पोषण की व्यवस्था, उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
परिजनों ने आरोप लगाया कि बाल सुधार गृह में गंभीर अपराधों में शामिल किशोरों को रखा गया था। इनमें से एक की उम्र 20 वर्ष पूरी हो चुकी थी और उसे जल्द केंद्रीय जेल भेजा जाना था। अन्य बाल अपचारी भी हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में निरुद्ध थे। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच
सरकंडा थाना पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और CCTV फुटेज के साथ अन्य तकनीकी प्रमाणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।