दुर्ग में युवक की हत्या, गर्लफ्रेंड और उसकी बहन को लेकर गया था दोस्तों के पीजी

दुर्ग में युवक की हत्या, गर्लफ्रेंड और उसकी बहन को लेकर गया था दोस्तों के पीजी

CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर में सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक चित्रेश सहारे की चाकू लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों आरोपी राजनांदगांव के रहने वाले बताए गए हैं।

दोस्त के PG में पहुंचा था चित्रेश

पुलिस के मुताबिक, कवर्धा निवासी चित्रेश सहारे परीक्षा देने के लिए दुर्ग आया था। वह अपने दोस्त रवि के PG में अपनी महिला मित्र और उसकी बहन के साथ पहुंचा था। इसी दौरान PG में रहने वाले वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान महिला मित्र के साथ कथित तौर पर बदतमीजी किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला गाली-गलौज से होते हुए हाथापाई तक पहुंच गया।

पैर और जांघ पर चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान चित्रेश के साथ मारपीट की गई। इसी बीच चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू के वार उसके पैर और जांघ में लगे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद चित्रेश को आसपास मौजूद लोगों और युवकों की मदद से अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद चित्रेश को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

दो युवक हिरासत में

पुलिस ने PG में मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की है। मृतक के शव को जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। ASP शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, वैभव मानकर और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया गया है। दोनों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस महिला मित्र के साथ कथित दुर्व्यवहार और उसके बाद हुए विवाद के कारणों की भी जांच कर रही है। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

बालोद एसिड अटैक का मुख्य आरोपी पुलिसकर्मी का बेटा, लव प्रपोजल ठुकराने पर किया हमला

भीषण सड़क हादसा, बोलेरो सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर में घुसी, 7 कर्मचारियों की मौत

TET उत्तीर्ण 40 हजार शिक्षकों का दुर्ग में प्रदर्शन, पदोन्नति की मांग लेकर सड़क पर उतरे