CG Prime News@दुर्ग. 40,000 TET-qualified teachers protest in Durg टीईटी (TET) उत्तीर्ण छत्तीसगढ़ के 40 हजार से ज्यादा शिक्षकों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के गृह जिले दुर्ग में शिक्षक कल्याण संघ के बैनर तले 5 हजार से ज्यादा शिक्षकों ने साइंस कॉलेज दुर्ग से सेक्टर 9 चौक तक न्याय पद यात्रा निकाली। इस दौरान पूर्व कांग्रेस विधायक अरूण वोरा भी टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों के आंदोलन का समर्थन करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि पदोन्नति शिक्षकों का अधिकार है। सरकार को उन्हें तय समय में पदोन्नति देनी चाहिए।
आमरण अनशन की दी चेतवानी
टीईटी (TET) उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पहले सरकार ने टीईटी उत्तीर्ण का नियम निकाला। अब प्रदेश के शासकीय स्कूलों में कार्यरत 40 हजार से ज्यादा शिक्षक टीईटी (TET) उत्तीर्ण हो गए हैं। इसके बावजूद शिक्षा विभाग उन्हें पदोन्नति नहीं दे रहा है। कई शिक्षक ऐसे हैं जो 2006 से सेवा में कार्यरत हैं। बावजूद उन्हें अभी तक पदोन्नति नहीं मिली है। इसलिए हमारी मांग जल्द से जल्द पदोन्नति की है। अगर समय पर मांग पूरी नहीं हुई तो यह आंदोलन आमरण अनशन में बदल जाएगा। इस बार शिक्षक अपना हक लेकर रहेंगे।
शिक्षा मंत्री के निवास का करेंगे घेराव
आंदोलनरत शिक्षकों ने बताया कि 6 अक्टूबर को शांतिपूर्ण तरीके से शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निवास का घेराव किया जाएगा। प्रदेशभर के 20 से 25 हजार शिक्षक दुर्ग में जुटेंगे। शिक्षा मंत्री को स्मरण कराने के लिए ज्ञापन सौंपा जाएगा। अगर इसके बाद भी मांगे पूरी नहीं हुई तो 7 अक्टूबर से आमरण अनशन होगा। यह आंदोलन लंबा चलेगा।