आश्रम के नाराज सुपरिटेंडेंट ने 84 बच्चों का मुंडवा दिया आधा सिर, मचा बवाल

आश्रम के नाराज सुपरिटेंडेंट ने 84 बच्चों को मुंडवा दिया आधा सिर, मचा बवाल

CG Prime News@चंद्रपुर. महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के चिमूरा तालुका स्थित जंभुलघाट सरकारी सेकेंडरी आश्रम स्कूल में छात्रों के बाल काटने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शनिवार को स्कूल परिसर में 82 छात्रों के बाल आधे और असमान तरीके से काट दिए गए। घटना की जानकारी सामने आने के बाद बच्चों के अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह आश्रम स्कूल में छात्रों के बाल काटे जा रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे खेल रहे थे। बताया गया कि बच्चों के इस व्यवहार से स्कूल के सुपरिटेंडेंट प्रशांत मेश्राम नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर 82 छात्रों के बाल आधे कटवा दिए।

तस्वीरें सामने आने के बाद बढ़ा विवाद

छात्रों के बाल ट्रिमर से काटे जाने की बात सामने आई है। कटिंग के बाद कई बच्चों के बाल टेढ़े-मेढ़े और अधूरे दिखाई दे रहे थे। शाम के समय छात्रों की तस्वीरें सामने आने और वायरल होने के बाद मामला अभिभावकों तक पहुंचा। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दी गई। इसके बाद स्कूल प्रबंधन स्तर पर इस घटना को लेकर कार्रवाई शुरू की गई।

रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक दोबारा हुई कटिंग

मामला सामने आने के बाद बच्चों के बाल दोबारा काटे गए। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह प्रक्रिया शनिवार देर रात करीब 11 बजे शुरू हुई और रविवार तड़के लगभग 4 बजे तक चलती रही। स्कूल के प्रिंसिपल प्रशांत गिरी ने सुपरिटेंडेंट प्रशांत मेश्राम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस के जरिए उनसे घटना को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

सुपरिटेंडेंट ने बताया छात्रों के हित में लिया फैसला

सुपरिटेंडेंट प्रशांत मेश्राम ने अपने बचाव में कहा कि उनका उद्देश्य गलत नहीं था। उनका कहना है कि बारिश के कारण छात्र कुछ समय से नियमित रूप से बाल नहीं कटवा पा रहे थे। इसी वजह से छात्रों के बाल छोटे किए गए। वहीं, अभिभावकों ने मामले की विस्तृत जांच और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनकी मांग है कि जनजातीय विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी छात्रों से अलग-अलग बातचीत कर उनके बयान दर्ज करें और संबंधित कर्मचारियों व अधिकारियों की भूमिका की जांच करें।

Related posts

TET उत्तीर्ण 40 हजार शिक्षकों का दुर्ग में प्रदर्शन, पदोन्नति की मांग लेकर सड़क पर उतरे

दुर्ग रेलवे स्टेशन पर जल्द मिलेंगे प्रीमियम ब्रांड के फूड आउटलेट, यात्रियों को मिलेगा बेहतर खानपान

छत्तीसगढ़ में छात्रों को बड़ी राहत: शैक्षणिक दस्तावेजों की सेवाएं अब लोक सेवा गारंटी के दायरे में