CG Prime News@दिल्ली. गुजरात के भावनगर-सोमनाथ नेशनल हाईवे पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। हादसा शिव शक्ति होटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो एसयूवी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पीछे जा घुसी। बोलेरो में अलंग शिपयार्ड के 7 कर्मचारी सवार थे और सभी भावनगर से काम के सिलसिले में अलंग जा रहे थे।
ट्रेलर से जोरदार टक्कर, 6 की मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो की ट्रेलर से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेलर के अगले पहिए भी टूटकर अलग हो गए। हादसे में बोलेरो सवार 6 कर्मचारियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
भीषण सड़क हादसा, बोलेरो सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर में घुसी, 7 कर्मचारियों की मौत
इनकी हुई मौत
मृतकों की पहचान विजयभाई चंदुभाई वोरा, पीयूषभाई बिपिनचंद्र शाह, प्रितेशभाई बिपिनचंद्र भयाणी, भार्गवभाई गोसाई, हिरेनभाई मेहता, योगेशभाई शाह और जयेशभाई हिम्मतभाई वसानी के रूप में हुई है।
CCTV फुटेज में कैद हुई भीषण टक्कर
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें तेज रफ्तार बोलेरो सड़क के बाईं ओर खड़े ट्रेलर से पीछे की तरफ टकराती दिखाई दे रही है। टक्कर के बाद ट्रेलर कुछ दूरी तक खिसक गया। हादसे के दौरान ट्रेलर में मौजूद ड्राइवर भी नीचे गिरता हुआ दिखाई देता है।
स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने चलाया बचाव अभियान
दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोग जुट गए। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव का प्रयास करते हुए बोलेरो से तीन शवों और एक घायल को बाहर निकाला। इसके बाद सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और वाहन में फंसे अन्य लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस कर रही है।