CG Prime News@दिल्ली.Asian Games 2026 भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में 44 साल के लंबे इंतजार के बाद गोल्ड मेडल जीत लिया है। शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने न सिर्फ एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक हासिल किया, बल्कि लॉस एंजिलिस 2028 ओलिंपिक के लिए भी सीधे क्वालिफाई कर लिया। भारत की ओर से मुकाबले का एकमात्र गोल लालरेमसियामी ने किया। उनके गोल ने भारतीय टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई, जिसे टीम ने पूरे मुकाबले के दौरान बरकरार रखा।
सविता पूनिया ने बचाया पेनल्टी स्ट्रोक
फाइनल में भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया की भूमिका भी बेहद अहम रही। पहले हाफ में चीन को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, लेकिन सविता ने शानदार बचाव करते हुए गेंद को गोल में जाने से रोक दिया। इस बचाव के बाद भारत की बढ़त कायम रही और टीम ने अंत तक चीन को बराबरी का मौका नहीं दिया। भारत ने इससे पहले एशियन गेम्स में महिला हॉकी का गोल्ड मेडल 1982 में जीता था। उस समय भारतीय टीम ने साउथ कोरिया को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया था।
बॉक्सिंग में भारत के नाम तीन गोल्ड
एशियन गेम्स में भारत के लिए बॉक्सिंग में भी शानदार दिन रहा। पुरुषों की 80 किग्रा कैटेगरी में अंकुश पंघाल ने साउथ कोरिया के किम मिन-सियोंग को 4-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं परवीन हुड्डा ने महिला 65 किग्रा फाइनल में चेन निएन-चेन को 3-2 से मात दी। लवलीना बोरगोहेन ने महिला 75 किग्रा वर्ग में बाओ जिया को 5-0 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया। इस तरह एक ही एशियन गेम्स में तीन भारतीय बॉक्सर चैंपियन बने।
रेसलिंग में सुजीत ने पलटा मुकाबला
पुरुषों के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती फाइनल में सुजीत कलकल ने ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुडिएव को 10-9 से हराया। मुकाबले में एक समय सुजीत 2-9 से पीछे थे और करीब 1 मिनट 40 सेकंड का समय बचा था। इसके बाद उन्होंने लगातार टेकडाउन करते हुए वापसी की। अंतिम 11 सेकंड में मिले टेकडाउन के दो अंकों ने स्कोर 10-9 कर दिया और सुजीत ने गोल्ड जीत लिया। महिला हॉकी के स्वर्ण के साथ भारत के कुल गोल्ड मेडल की संख्या 16 हो गई है। इस प्रदर्शन के साथ भारत एशियन गेम्स की मेडल टैली में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।