CG Prime News@दुर्ग.Two youths arrested for selling Chitta in Durg सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर चिट्टा (हेरोइन जैसा मादक पदार्थ) बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14.370 ग्राम चिट्टा, दो मोबाइल फोन समेत करीब 1 लाख 68 हजार 300 रुपए की सामग्री जब्त की है।
जिला अस्पताल के पास ग्राहक तलाश रहे थे
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग के आगे नल घर के पास दो व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान विकास यादव (27) निवासी सोरीक नगर, सारथी चौक, धमतरी और फयाज खोखर उर्फ सोहेल (26) निवासी लुचकीपारा, वार्ड क्रमांक 7, दुर्ग के रूप में हुई।
दोनों के पास से हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद
नियमानुसार तलाशी के दौरान विकास यादव के कब्जे से 7.370 ग्राम चिट्टा, जिसकी अनुमानित कीमत 78,300 रुपए बताई गई है, बरामद हुआ। उसके पास से 10 हजार रुपए कीमत का एक रेडमी मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। वहीं फयाज खोखर उर्फ सोहेल के कब्जे से 7.000 ग्राम चिट्टा, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई गई है, बरामद किया गया। उसके पास से 10 हजार रुपए कीमत का एक ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त हुआ।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 14.370 ग्राम मादक पदार्थ और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1,68,300 रुपए आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 21(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
दुर्ग पुलिस की नशे के खिलाफ अपील
पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा सार्वजनिक स्थान के पास संभावित ग्राहकों की तलाश कर मादक पदार्थ बेचने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की बिक्री, परिवहन या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। मामले में आगे की विवेचना और पूछताछ जारी है।