दुर्ग पुलिस का बड़ा चेकिंग अभियान, 185 जवानों ने गुंडा-बदमाशों और संदिग्धों के ठिकाने खंगाले

दुर्ग पुलिस का बड़ा चेकिंग अभियान, 185 जवानों ने गुंडा-बदमाशों और संदिग्धों के ठिकाने खंगाले

CG Prime News@दुर्ग. अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए दुर्ग पुलिस ने मंगलवार को तड़के व्यापक विशेष चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले इस अभियान में दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुभाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमें एक साथ सक्रिय रहीं। इस दौरान फरार आरोपियों, गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, वारंटियों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध लोगों की तस्दीक की गई।

185 पुलिसकर्मी अभियान में रहे तैनात

दुर्ग पुलिस के मुताबिक, विशेष अभियान में कुल 185 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। इनमें दुर्ग अनुभाग से 67, भिलाई नगर से 63 और छावनी अनुभाग से 55 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। टीमों ने चिन्हित व्यक्तियों के संभावित ठिकानों पर पहुंचकर पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया।

खुर्सीपार में घर-घर पहुंची पुलिस

छावनी अनुभाग के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में देवार बस्ती और अटल आवास में पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर निवासरत लोगों की जानकारी जुटाई। संदिग्ध स्थानों की तलाशी के दौरान धारदार हथियार और अवैध शराब मिलने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने बरामद सामग्री के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की।

इन इलाकों में हुई विशेष चेकिंग

दुर्ग अनुभाग के उरला, अंबेडकर नगर, बांबे आवास, शंकर नगर, जवाहर नगर और ग्रीन चौक क्षेत्र में चेकिंग की गई। वहीं भिलाई नगर अनुभाग के फरीद नगर, डेरा बस्ती और सुपेला सहित अन्य चिन्हित इलाकों में पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तस्दीक की। छावनी क्षेत्र में खुर्सीपार के अलावा अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।

दुर्ग पुलिस का बड़ा चेकिंग अभियान, 185 जवानों ने गुंडा-बदमाशों और संदिग्धों के ठिकाने खंगाले

बिना नंबर की KTM भी मिली

मोहन नगर थाना क्षेत्र में आदतन बदमाश राहुल गाडा के घर के पास एक बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल मिलने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस वाहन के स्वामित्व और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध जानकारी के आधार पर राहुल गाडा को इस वाहन के मामले में आरोपी घोषित नहीं किया गया है।

बाहरी लोगों के दस्तावेजों का सत्यापन

अभियान के दौरान दूसरे क्षेत्रों से आकर संबंधित थाना क्षेत्रों में रह रहे संदिग्ध या अनधिकृत व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई गई। पुलिस ने पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की अचानक और समन्वित कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना और संभावित अपराधों को रोकना है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ या अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने मकान मालिकों से किरायेदारों और अन्य निवासियों की पहचान संबंधी जानकारी का सत्यापन करने की भी अपील की है। पुलिस के अनुसार अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह के विशेष चेकिंग और तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Related posts

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ राहुल गांधी का प्रदर्शन, CEC से मिलने पर अड़े

भिलाई में 2.10 लाख के हेरोइन के साथ यूपी का युवक गिरफ्तार, सूखे नशे के खिलाफ पुलिस एक्शन

बालोद एसिड अटैक का मुख्य आरोपी पुलिसकर्मी का बेटा, लव प्रपोजल ठुकराने पर किया हमला