CG Prime News@बिलासपुर. बलौदाबाजार यातायात थाने में पदस्थ एक सब-इंस्पेक्टर (SI) की पत्नी का शव बिलासपुर जिले में शिवनाथ नदी से बरामद हुआ है। महिला पिछले तीन दिन से लापता थी। उनकी स्कूटी मिलने के बाद पुलिस ने आसपास तलाश शुरू की, जिसके दौरान करीब पांच किलोमीटर दूर बेलटुकरी-पथर्रा घाट के पास नदी में शव मिला। शव काफी हद तक क्षत-विक्षत और डिकंपोज अवस्था में था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूटी मिलने से खुला मामला
बिल्हा थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग के अनुसार, बुधवार को मोहभट्ठा क्षेत्र के पास एक लावारिस स्कूटी मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की। स्कूटी की डिक्की से चाबी बरामद हुई। वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर पुलिस ने महिला के भाई से संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि स्कूटी उनकी बहन प्रीति जॉन (43) के उपयोग में थी।
परिजनों ने नहीं कराई थी गुमशुदगी दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रीति जॉन, बलौदाबाजार ट्रैफिक थाने में पदस्थ एसआई प्रियेश जॉन की पत्नी थीं। पुलिस ने स्कूटी की जानकारी परिवार को दी, लेकिन उस समय तक किसी भी परिजन ने महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश तेज की और स्कूटी मिलने वाले स्थान से लगभग पांच किलोमीटर दूर शिवनाथ नदी में उनका शव बरामद किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला 12 जुलाई से लापता थीं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के मुताबिक शव लंबे समय तक पानी में रहने के कारण काफी हद तक डिकंपोज हो चुका था। मेडिकल टीम ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली है, लेकिन विस्तृत रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब छह महीने से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद प्रीति जॉन बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र में अलग रह रही थीं और दोनों के बीच बातचीत भी बंद थी। पुलिस इस पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
मोबाइल फोन अब तक नहीं मिला
जांच के दौरान पुलिस को महिला का मोबाइल फोन नहीं मिला है। न तो वह स्कूटी में मिला और न ही शव के पास। पुलिस का मानना है कि मोबाइल मिलने के बाद महिला की अंतिम गतिविधियों और घटना की परिस्थितियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। फिलहाल आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच जारी है।