दुर्ग के सोनपुर में बनेगा शौर्य वाटिका, 37 शहीद परिवारों का हुआ सम्मान

CG Prime News@दुर्ग. जिले के वीर शहीदों की स्मृतियों को सहेजने और उनके बलिदान की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में शौर्य वाटिका का भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम में शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए शौर्य वाटिका में पौधरोपण की शुरुआत की। इस दौरान जिले के 37 शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया।

शहीदों के नाम पर लगाए गए स्मृति वृक्ष

करीब एक एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही शौर्य वाटिका में शहीदों के नाम पर उनके परिजनों द्वारा स्मृति वृक्ष लगाए गए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीपल का पौधा रोपित कर पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह वाटिका आने वाली पीढ़ियों को शहीद जवानों के त्याग, साहस और देशसेवा की याद दिलाने का माध्यम बनेगी।

78.96 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने 78.96 लाख रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग, शौचालय, चबूतरा, वृक्षारोपण और शेड निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 37.95 लाख रुपए की लागत से निर्मित सीसी रोड, आहता और शेड निर्माण कार्य भी जनता को समर्पित किए गए।

शहीदों के बलिदान को किया नमन

विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ा बलिदान दिया है। शहीद जवानों की बहादुरी और उनके परिवारों के त्याग को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति स्थापित होने के बाद विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। जिन क्षेत्रों में कभी हिंसा के कारण स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था, वहां अब विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सोनपुर की शौर्य वाटिका में शहीदों के नाम पर लगाए गए पौधे उनके बलिदान की जीवंत स्मृति बनेंगे। सरकार गांव के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने में हरसंभव सहयोग करेगी। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, विधायक ईश्वर साहू, सरपंच संत कुमार कुंभकार सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related posts

दुर्ग जनदर्शन में 115 आवेदन, सिंचाई नहर का रास्ता बंद होने से किसान परेशान

पत्नी को बॉयफ्रेंड के साथ देखकर भड़का पति, फावड़े से काटकर दोनों की हत्या

बॉलीवुड स्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने वापस लिया तलाक केस