CG Prime News@दुर्ग. Police raid illegal Gutkha factory in Kuthrel, Durg दुर्ग जिले के ग्राम कुथरेल में पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गोदामों में संचालित कथित अवैध गुटखा निर्माण इकाइयों का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान तीन मशीनें, बड़ी मात्रा में कच्चा माल, निर्माण से संबंधित सामग्री बरामद की गई है। अंडा थाना पुलिस की इस कार्रवाई में अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुथरेल क्षेत्र में संचालित दो गोदामों में अवैध गतिविधियों की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि वाशिंग पाउडर निर्माण की आड़ में कथित तौर पर जर्दायुक्त गुटखा तैयार किया जा रहा था।
दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़: कुथरेल में छापा, 12 हिरासत में, 3 मशीनें जब्त
तीन मशीनें और भारी मात्रा में सामग्री बरामद
पाटन एसडीओपी अनुप लकड़ा ने बताया कि एक गोदाम से दो मशीनें और दूसरे स्थान से एक मशीन जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन मशीनों का उपयोग गुटखा निर्माण में किया जा रहा था। इसके अलावा मौके से बड़ी मात्रा में रॉ मटेरियल और पैकिंग सामग्री भी बरामद की गई है।
सितार’ नाम से तैयार हो रहा था उत्पाद
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि कथित रूप से तैयार किए जा रहे उत्पाद को ‘सितार’ नाम से बाजार में भेजा जा रहा था। पुलिस के अनुसार जिस जमीन और गोदाम में यह गतिविधि संचालित हो रही थी, वह असलम खान की बताई जा रही है। गोदाम को एग्रीमेंट के माध्यम से वीरेंद्र तिवारी को उपयोग के लिए दिया गया था।
दोनों गोदाम सील, सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे
खाद्य विभाग की टीम जब्त सामग्री और उत्पादों के नमूनों की जांच कराएगी। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों गोदामों को सील कर दिया गया है।
पुराने नेटवर्क से कनेक्शन की भी जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों का किसी पुराने मामले या अन्य अवैध नेटवर्क से कोई संबंध तो नहीं है। हिरासत में लिए गए 12 लोगों से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।