भिलाई में HDFC बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर गिरफ्तार, ठगी का लगा आरोप

भिलाई में HDFC बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर गिरफ्तार, ठगी का लगा आरोप

CG Prime News@भिलाई. दुर्ग जिले के भिलाई में बड़े बैंक खातों की जानकारी लेकर गोल्ड ईटीवी में निवेश पर 10 प्रतिशत मासिक लाभ का झांसा देने वाले एचडीएफसी (HDFC Bank) बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर को सुपेला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद का लाभ उठाकर बड़े रकम वाले खाताधारकों की जानकारी प्राप्त करता था। उन्हें गोल्ड ईटीवी में निवेश और अधिक लाभ का प्रलोभन देता था। सुपेला थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी निवेशकों से चेक प्राप्त कर मुख्य आरोपी योगेश साहू के खाते में राशि जमा करता था। निवेशकों को अपने खाते से लाभांश की राशि प्रदान करता था।

यह है पूरा मामला

पीडि़त राजू नामदेव, निवासी सेक्टर-07, भिलाई ने थाना सुपेला में लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। आरोपी योगेश साहू और अन्य व्यक्तियों द्वारा निवेश पर प्रतिमाह 10 प्रतिशत लाभांश देने का प्रलोभन देकर उसे विश्वास में लिया गया। आरोपियों द्वारा अन्य ग्राहकों के बैंक खाते के स्टेटमेंट दिखाकर निवेश योजना को विश्वसनीय बताया गया। इसके बाद पीडि़त से बैंक खाता और मोबाइल संबंधी जानकारी प्राप्त की।

बंद कर दिया लाभांश देना

आरोपियों द्वारा निवेश योजना की जानकारी देने के पश्चात पीडि़त ने उनकी बातों पर विश्वास कर दिनांक 21.03.2025 को 15 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर किए थे। प्रारंभिक अवधि में पीडि़त के खाते में लाभांश की राशि भेजी गई। जिसके बाद लाभांश देना बंद कर दिया गया। राशि वापस करने का आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में पीडि़त को जानकारी हुई कि अन्य निवेशकों से भी इसी प्रकार बड़ी रकम प्राप्त की गई है।

शिकायत पर थाना सुपेला में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पीडि़त सहित अन्य निवेशकों के कथन लिए गए। बैंक खातों एवं लेन-देन से संबंधित जानकारी का परीक्षण किया गया। विवेचना में निवेशकों मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा, शिबा शेख सहित अन्य के कथनों एवं उपलब्ध दस्तावेजों से आरोपी राजकुमार तिवारी की भूमिका सामने आई।

पद का उठाया फायदा

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी राजकुमार तिवारी एचडीएफसी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत रहते हुए बड़े रकम वाले खाताधारकों की जानकारी प्राप्त करता था। इसके बाद निवेशकों को गोल्ड ईटीवी में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का प्रलोभन देता था। आरोपी निवेशकों से चेक प्राप्त कर राशि मुख्य आरोपी योगेश साहू के खाते में जमा करता था। निवेशकों को प्राप्त होने वाला लाभांश अपने खाते से दिए जाने संबंधी साक्ष्य विवेचना में प्राप्त हुए हैं।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी राजकुमार तिवारी, उम्र 37 वर्ष, निवासी भिलाई, थाना सुपेला को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में थाना सुपेला के थाना प्रभारी एसएन सिंह, एसआई धनेश्वर साहू, आरक्षक कमल साहू और प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related posts

इंद्रावती भवन की लिफ्ट में आधे घंटे फंसे अधिकारी-कर्मचारी, मची अफरा तफरी

हसदेव नदी में बहे कॉलेज के 3 छात्र, सेल्फी के दौरान हादसा

ट्रक और बोलेरो की भीषण टक्कर, तीजा मनाने जा रहे 3 बच्चों सहित 9 महिलाओं की मौत