हसदेव नदी में बहे कॉलेज के 3 छात्र, सेल्फी के दौरान हादसा

हसदेव नदी में बहे कॉलेज के 3 छात्र, सेल्फी के दौरान हुआ हादसा, रेस्क्यू में जुटी गोताखोर टीम

CG Prime News@जांजगीर-चांपा. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शुक्रवार को पिकनिक मनाने पहुंचे कॉलेज छात्रों के साथ बड़ा हादसा हो गया। बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव में हसदेव नदी के तेज बहाव में तीन छात्र बह गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। नगर सैनिक गोताखोरों की टीम नदी में तीनों छात्रों की तलाश कर रही है, लेकिन फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

सेल्फी लेते समय फिसला छात्र का पैर

जानकारी के मुताबिक बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार को देवरी गांव में पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ छात्र नदी किनारे सेल्फी ले रहे थे। तभी एक छात्र का पैर अचानक फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में जा गिरा। उसे डूबता देखकर उसके दो अन्य साथी भी बचाने के लिए नदी में कूद गए। देखते ही देखते तीनों तेज धारा में बह गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद नगर सैनिक गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाशी अभियान में चुनौती बनी हुई है।

बारिश से उफान पर नदी-नाले

इधर छत्तीसगढ़ में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद कई नदी-नालों में पानी का स्तर बढ़ गया है। धमतरी जिले में गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए। मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट खोले जाने से धमतरी-नरहरपुर मार्ग भी प्रभावित हुआ। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

अगले दो दिन बढ़ सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। अगले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ इलाकों में तेज बारिश के स्पेल भी देखने को मिल सकते हैं।

रायपुर में भी बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। ऐसे में नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Related posts

इंद्रावती भवन की लिफ्ट में आधे घंटे फंसे अधिकारी-कर्मचारी, मची अफरा तफरी

भिलाई में HDFC बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर गिरफ्तार, ठगी का लगा आरोप

ट्रक और बोलेरो की भीषण टक्कर, तीजा मनाने जा रहे 3 बच्चों सहित 9 महिलाओं की मौत