रायगढ़ में विंडो AC का कंप्रेसर फटने से दर्दनाक हादसा, दम घुटने से पिता की मौत, बेटा गंभीर

रायगढ़ में विंडो AC का कंप्रेसर फटने से दर्दनाक हादसा, दम घुटने से पिता की मौत, बेटा गंभीर

CG Prime News@रायगढ़. Accident in Raigarh: Window AC compressor explodes छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में विंडो एयर कंडीशनर (AC) का कंप्रेसर फटने से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर आवास ITI कॉलोनी में बुधवार देर रात हुए इस हादसे में घर के भीतर धुआं भर जाने से 45 वर्षीय व्यक्ति की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। आग की चपेट में आने से घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं।

जन्मदिन की रात हादसा

जानकारी के अनुसार, पुरषोत्तम पटेल अपने 19 वर्षीय बेटे आर्यन पटेल के साथ घर में रहते थे। बुधवार को आर्यन का जन्मदिन था। रात में दोनों भोजन करने के बाद सो गए। तड़के करीब तीन बजे कमरे में लगे विंडो एसी का कंप्रेसर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया।

धुएं ने रोक दिया बाहर निकलने का रास्ता

धमाके के बाद आग की चिंगारियां घर के बाहर खड़ी दो बाइकों तक पहुंच गईं, जिससे उनमें आग लग गई। मुख्य दरवाजे के पास आग और घना धुआं फैलने से पिता-पुत्र घर से बाहर नहीं निकल सके। कमरे का आकार छोटा होने के कारण धुआं तेजी से पूरे कमरे में भर गया और दोनों अंदर ही फंस गए।

स्थानीय लोगों ने दरवाजा तोड़कर निकाला

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बाहर बाइक में आग लगी देखकर तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घर का दरवाजा तोड़ा और दोनों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पुरषोत्तम पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं आर्यन पटेल का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।

जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलने के बाद चक्रधर नगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि, शुरुआती जांच में विंडो एसी के कंप्रेसर ब्लास्ट होने की बात सामने आई है। कमरे का आकार छोटा होने के कारण धुआं तेजी से भर गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related posts

दुर्ग में अंधे कत्ल का 6 घंटे में खुलासा: शराब पार्टी के विवाद में युवक की हत्या

सक्ति में दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या, घर के बाहर 3 राउंड फायरिंग

BSP में लोहा चोरी के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, CISF DIG का दिल्ली ट्रांसफर