ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार

जामुल में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग. थाना जामुल क्षेत्र में पुलिस ने संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 स्थित एक किराए के मकान में चल रहे इस अवैध कारोबार पर पुलिस ने दबिश देकर कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपियों द्वारा आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।

सोशल मीडिया के जरिए चल रहा था नेटवर्क

जांच में सामने आया कि गिरोह इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों को जोड़ता था। इसके बाद उन्हें आईडी उपलब्ध कराकर ड्रैगन टाइगर, तीन पत्ती, अंदर-बाहर, टेनिस, फुटबॉल और रूलेट जैसे खेलों पर सट्टा खिलाया जाता था। आरोपी मोबाइल और लैपटॉप के जरिए इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे और अलग-अलग सिम कार्ड व म्यूल बैंक खातों के जरिए लेन-देन छिपाने की कोशिश की जाती थी।

करोड़ों का कारोबार, लाखों का रोजाना लेन-देन

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह रोजाना ₹3 लाख से ₹7 लाख तक का लेन-देन कर रहा था। इस अवैध कारोबार का कुल दायरा करोड़ों रुपये तक पहुंच चुका था।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1 लाख नगद, 16 मोबाइल, 1 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, वाई-फाई उपकरण और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा और अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।

Related posts

छत्तीसगढ़- 33% महिला आरक्षण लागू करने शासकीय संकल्प होगा पेश

दुर्ग में मंत्री गजेंद्र की समीक्षा बैठक, बोले-जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें

भिलाई के खुर्सीपार में 18 साल का लड़का 3.200 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार