मेघगंगा ग्रुप के चेयरमैन मनीष पारख को सामाजिक सेवा के लिए डॉक्टरेट की मानद उपाधि मिली

CG Prime News@दुर्ग. मेघगंगा ग्रुप के चेयरमैन मनीष पारख को सामाजिक दायित्वों और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री Ramdas Athawale के हाथों प्रदान किया गया। यह सम्मान सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी लगातार सक्रिय भूमिका और समाजहित में किए गए कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान माना जा रहा है।

पारिवारिक संस्कारों से मिली समाजसेवा की प्रेरणा

मनीष पारख ने सम्मान प्राप्त करने के बाद कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने हर सामाजिक पहल में उनका साथ दिया। उन्होंने बताया कि समाज के लिए काम करने की प्रेरणा उन्हें अपने पिता से मिली, जिनके संस्कारों और मार्गदर्शन ने उन्हें व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने की सीख दी।

उन्होंने कहा, “डॉक्टरेट की इस उपाधि के लिए मैं सभी सहयोगियों, शुभचिंतकों और समाज के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह सम्मान मुझे आगे भी समाजहित में कार्य करने की नई ऊर्जा देगा।”

स्वास्थ्य, शिक्षा और जन जागरूकता में लगातार सक्रिय

मनीष पारख के नेतृत्व में संचालित विभिन्न सामाजिक पहलों ने जिले में सकारात्मक प्रभाव छोड़ा है। लाइफकेयर डायग्नोस्टिक्स के माध्यम से समय-समय पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं। पिछले सात वर्षों से जरूरतमंदों के लिए नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा का संचालन भी लगातार किया जा रहा है।

इसके अलावा नियमित स्वास्थ्य जांच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हेल्थ कार्ड योजना शुरू की गई। युवाओं के कौशल विकास के लिए विशेष डिग्री एवं स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों की भी शुरुआत की गई है।

शहर विकास और साइबर सुरक्षा में भी निभाई अहम भूमिका

‘मोर शहर, मोर जिम्मेदारी’ अभियान के तहत दुर्ग शहर के गांधी चौक, शहीद चौक, वाई-शेप ब्रिज चौक और कचहरी चौक सहित कई प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों में भी उनका योगदान रहा है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस विभाग को ट्रैफिक बैरिकेड उपलब्ध कराए गए।
महावीर स्कूल के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने विद्यालय के जीर्णोद्धार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिए कई पहल की। वहीं दुर्ग पुलिस के साथ मिलकर साइबर प्रहरी अभियान के माध्यम से साइबर अपराध के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related posts

दुर्ग जनदर्शन में 115 आवेदन, सिंचाई नहर का रास्ता बंद होने से किसान परेशान

पत्नी को बॉयफ्रेंड के साथ देखकर भड़का पति, फावड़े से काटकर दोनों की हत्या

बॉलीवुड स्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने वापस लिया तलाक केस