CG Prime News@भिलाई.Bhilai: Fraud committed by sending a link via WhatsApp दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ऑनलाइन ठग गिरोह के दो सदस्यों को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वाट्सअप के माध्यम से एपीके (APK) फाइल भेजकर बैंक खाते से 4,02,728 की ऑनलाइन ठगी की थी। भिलाई नगर थाना पुलिस की टीम ने गुजरात पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया। साइबर सेल के तकनीकी सहयोग से बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन का विश्लेषण कर आरोपियों का लोकेशन ट्रेस किया गया था।
फाइल डाउनलोड करते ही दूसरे नंबर पर फारवर्ड होने लगे मैसेज
भिलाई नगर थाना पुलिस ने बताया कि 25.02.2026 को सेक्टर 5 निवासी संजय झा ने रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप के माध्यम से एक संदेश प्राप्त हुआ। जिसमें एक एपीके फाइल भेजी गई थी। उस फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करने के पश्चात उनके मोबाइल पर प्राप्त होने वाले ओटीपी और अन्य संदेश स्वत: अन्य नंबर पर फॉरवर्ड होने लगे। इसके फलस्वरूप उनके बैंक खाते से 4,02,728 रुपए की अनधिकृत ऑनलाइन निकासी कर साइबर ठगी की गई।
पुलिस ने लोकेशन किया ट्रेस
शिकायत के आधार पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 101/2026 अंतर्गत धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान साइबर सेल के तकनीकी सहयोग से बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों का लोकेशन गुजरात राज्य में प्राप्त हुआ।
थाना भिलाई नगर पुलिस की टीम तत्काल गुजरात रवाना हुई। पतासाजी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई। गिरफ्तार आरोपियों को ट्रांजिट प्रक्रिया पूर्ण कर दुर्ग लाया गया। न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
1. अच्छे लाल यादव, उम्र 37 वर्ष, निवासी सिलवासा, दादरा एवं नगर हवेली।
2. जोखन प्रसाद यादव, उम्र 49 वर्ष, निवासी सिलवासा, दादरा एवं नगर हवेली।
जब्त सामग्री
1. घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन।
2. इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्य।
3. अन्य दस्तावेज एवं सामग्री