रायपुर। Mahadev Betting App Case: CBI files charge sheet against 25 accused; warrants issued for 8. बहुचर्चित महादेव सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने जांच को आगे बढ़ाते हुए रायपुर की विशेष अदालत में 25 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। आरोप पत्र दाखिल होने के बाद अदालत ने आठ आरोपियों के खिलाफ वारंट भी जारी किया है। इस कार्रवाई को मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं, 25 में से 17 आरोपी पहले ही सर्वोच्च न्यायालय से जमानत प्राप्त कर चुके हैं, जिसके चलते उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई।
यह भी पढ़ेः Big News: महादेव बेटिंग ऐप का मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी तेज
25 आरोपियों के खिलाफ अदालत में पेश हुआ आरोप पत्र
सीबीआई द्वारा दाखिल चार्जशीट में रितेश यादव, राहुल वटे, सतीश चंद्राकर, चंद्रभूषण वर्मा, सुनील दममानी, भीम यादव, अमित अग्रवाल, अर्जुन यादव, नितीश दीवान, किशन लाल शर्मा, सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, शुभम सोनी, अनिल उर्फ अतुल अग्रवाल, सहदेव सिंह यादव, भारत ज्योति, विश्वजीत राय, अतुल सिंह, असीम दास, विकास चपड़िया, रोहित गुलाटी, विकास आहूजा, धीरज आहूजा, अनिल दम्मानी के नाम शामिल हैं। सीबीआई ने सभी के खिलाफ जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र प्रस्तुत किया है।
आठ आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी
चार्जशीट दाखिल होने के बाद विशेष अदालत ने सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, शुभम सोनी, अनिल उर्फ अतुल अग्रवाल, विकास चपड़िया, रोहित गुलाटी, विकास आहूजा और धीरज आहूजा के खिलाफ वारंट जारी किया है। इन आरोपियों की अदालत में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।
सुप्रीम कोर्ट की जमानत का प्रभाव बरकरार
बचाव पक्ष के अधिवक्ता के अनुसार, जब इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) कर रहा था, उसी दौरान सर्वोच्च न्यायालय ने 17 आरोपियों को जमानत प्रदान कर दी थी। बाद में राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुसार मामला सीबीआई को सौंपा गया। सीबीआई ने नई एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू की, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के पूर्व आदेश प्रभावी रहने के कारण इन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई।
असीम दास के खिलाफ भी चालान
सीबीआई ने असीम दास के खिलाफ भी अदालत में चालान पेश किया है, लेकिन उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई। कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें निर्धारित तिथियों पर अदालत में उपस्थित होना होगा। उल्लेखनीय है कि असीम दास का नाम उस समय चर्चा में आया था, जब जांच एजेंसियों ने उनकी कार से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने का दावा किया था।
मामले में चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब विशेष अदालत में सुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। आने वाले दिनों में अभियोजन और बचाव पक्ष के तर्कों के आधार पर इस बहुचर्चित मामले की न्यायिक कार्यवाही महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश करेगी।