CG Prime News@रायपुर. रायपुर के खरोरा इलाके में भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। वहीं इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना खरोरा थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात कार और ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर मौके से भाग निकला।
कार में सवार था पुलिसकर्मी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कार में पुलिसकर्मी कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी सवार थे। तीनों तर्रा गांव के रहने वाले थे और खरोरा से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बंगोली गांव के पास उनकी कार ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और कार में फंसा रहा।
अस्पताल में घायल युवक का इलाज जारी
मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। उसे लक्ष्मीनारायण अस्पताल, दौंदेकला में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
मृत पुलिसकर्मी सिलतरा थाने में था पदस्थ
खरोरा थाना पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला पुलिसकर्मी सिलतरा थाने में पदस्थ था। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत
इधर बिलासपुर में तेज रफ्तार स्कूटी ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे बुजुर्ग सिर के बल सड़क पर गिर गया। घायल बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्कूटी सवार दोनों लोग मौके से भाग गए। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।