CG Prime News@पंजाब. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के कुछ डिब्बों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ और ‘मोदी मुर्दाबाद’ जैसे नारे लिखे दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ने जारी करने का दावा किया है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां इसकी सत्यता की जांच कर रही हैं।
पन्नू ने वीडियो जारी कर किए दावे
वीडियो के साथ SFJ से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब में आतंकवाद के दौर के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा का उल्लेख करते हुए कथित एनकाउंटर मामलों पर बयान जारी किया। सुरक्षा एजेंसियां वीडियो और उससे जुड़े दावों की भी जांच कर रही हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वीडियो सामने आने के बाद पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। अधिकारियों का प्रयास उन लोगों की पहचान करना है, जिन्होंने रात के समय ट्रेन के डिब्बों पर नारे लिखे। स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
PM मोदी के दौरे से पहले हाई अलर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 15 और 17 जुलाई के बीच पंजाब दौरा प्रस्तावित है। कार्यक्रम के तहत उनके लुधियाना और जालंधर जाने की संभावना है। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की नई इमारत के उद्घाटन के साथ-साथ चंडीगढ़ में भी कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण प्रस्तावित है। इन कार्यक्रमों को देखते हुए पंजाब पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर सुरक्षा जांच तेज कर दी है।
2020 में पन्नू आतंकी घोषित
पन्नू ब्रिटेन में रह रहे बब्बर खालसा इंटरनेशनल के परमजीत सिंह पम्मा और इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन के मलकीत सिंह फौजी के संपर्क में है। केंद्र सरकार ने 2019 में अलगाववादी गतिविधियां चलाने के आरोप में गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम यानी UAPA के तहत SFJ पर बैन लगाया। गृह मंत्रालय ने अपनी अधिसूचना में कहा कि सिखों के लिए रेफरेंडम की आड़ में SFJ पंजाब में अलगाववाद और उग्रवादी विचारधारा का समर्थन कर रहा है। साथ ही विदेशी धरती पर सुरक्षित ठिकानों से काम कर रहा है और दुश्मन देशों का उसे समर्थन मिल रहा है। पन्नू पर साल 2020 में अलगाववाद को बढ़ावा देने और पंजाबी सिख युवाओं को हथियार उठाने के लिए प्रोत्साहित करने का आरोप लगा। इसके बाद केंद्र सरकार ने 1 जुलाई 2020 को पन्नू को UAPA के तहत आतंकी घोषित किया। 2020 में सरकार ने SFJ से जुड़े 40 से ज्यादा वेबपेज और यूट्यूब चैनलों को बैन किया।