सट्टा किंग सौरभ पर कसा शिकंजा, दुबई के बाद श्रीलंका में 147 लड़के हाउस अरेस्ट

सट्टा किंग सौरभ पर कसा शिकंजा, दुबई के बाद श्रीलंका में 147 लड़के हाउस अरेस्ट

CG Prime News@भिलाई. भिलाई समेत देश के कई राज्यों से श्रीलंका भेजे गए 147 भारतीय युवक कथित ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर कार्रवाई के बाद हाउस अरेस्ट की स्थिति में हैं। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार श्रीलंका की जांच एजेंसियों ने छापेमारी के दौरान युवकों के पासपोर्ट और वीजा जब्त कर लिए हैं तथा मामले की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि इन युवकों में छत्तीसगढ़ के भिलाई, दुर्ग, रायपुर और राजनांदगांव के अलावा उत्तर प्रदेश एवं बिहार के युवक भी शामिल हैं। परिजनों का कहना है कि उन्हें कंपनी में नौकरी का भरोसा देकर विदेश भेजा गया था, लेकिन अब सामने आ रही जानकारी से वे चिंतित हैं।

नौकरी के नाम पर विदेश भेजने का आरोप

सूत्रों के मुताबिक युवकों को लगभग 45 हजार रुपये मासिक वेतन, मुफ्त भोजन और रहने की सुविधा का आश्वासन देकर श्रीलंका भेजा गया था। परिवारों का दावा है कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि उनके बेटे कथित ऑनलाइन सट्टा पैनल से जुड़े कार्यों में लगाए गए हैं। श्रीलंका में हुई कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद परिजनों ने संबंधित एजेंसियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और युवकों की सुरक्षित वापसी की मांग की है।

सिकंदर प्रसाद की तलाश की चर्चा

मामले से जुड़े सूत्रों का दावा है कि कथित तौर पर इस नेटवर्क का संचालन देखने वाला सिकंदर प्रसाद कार्रवाई की भनक लगते ही भारत लौट आया। हालांकि उसकी वर्तमान लोकेशन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी चर्चा है कि पुलिस उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

महादेव नेटवर्क पर लगातार जांच

जांच एजेंसियां पहले से ही महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े मामलों की जांच कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेनदेन, विदेशों में मौजूद संपत्तियों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसियों का फोकस कथित मास्टरमाइंड और उससे जुड़े लोगों तक पहुंचने पर है।

सट्टा की काले कारोबार की रकम को खपाता है रोहित

करीब 60 बुक आपरेट करने वाला सिकंदर अपनी सट्टा की काली कमाई को भारत में खपाता है। इसकी रकम को रोहित नामक युवक ब्याज पर चला रहा है। साथ ही जमीन में रकम को इनवेस्ट कर रहा है। छोटे-छोटे पैनलिस्ट महादेव सट्टा ऐप के काम को चलाने भारत और दुबई छोड़कर दूसरे सेफ देशों को अपना ठौर बना रहे है।

भारतीय एजेंसी ने दुबई एंबैसी को दिया डिटेल

इधर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल की गिरफ्तारी और भारत लाने भारतीय एजेंसिया काम कर रही है। ईडी ने सौरभ के राइटहैंड राज गुप्ता को सरेंडर तो करा दिया। लेकिन ईडी ने उससे पूछताछ कर दुबई में स्थित संपत्तियों की डिटेल फोटो वीडियो के साथ कलेक्ट किया। उसकी जानकारी भारतीय दूतावास दुबई को दी। उसके बाद से वहां की सरकार ने सौरभ चंद्राकर के ठिकानों पर कार्रवाई कर पूछताछ जारी रखा है।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

फिलहाल श्रीलंका में हाउस अरेस्ट किए गए युवकों की संख्या, उनकी कानूनी स्थिति तथा भारत वापसी को लेकर संबंधित भारतीय एजेंसियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Related posts

कोंडागांव में तेज रफ्तार यात्री बस की कार से टक्कर, चालक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

PM मोदी के पंजाब दौरे से पहले ट्रेन पर लिखे मिले खालिस्तानी नारे

Big News: भिलाई स्टील प्लांट में CBI का छापा, लोहा चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई