CG Prime News@भोपाल. उज्जैन के महाकाल मंदिर में बुधवार को ओंकारेश्वर से आए कांवड़ियों के एक समूह ने हंगामा कर दिया। नंदी हॉल में प्रवेश की मांग को लेकर कांवड़ियों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। घटना में मंदिर के चार सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। इनमें दो सुरक्षाकर्मियों को पैर और सिर में गंभीर चोटें आने की जानकारी है।
करीब 100 कांवड़िए पहुंचे थे महाकाल मंदिर
जानकारी के अनुसार, ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से करीब 100 दर्शनार्थी कांवड़ लेकर उज्जैन पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि समूह के कई लोगों ने बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के नाम वाली टी-शर्ट पहन रखी थी। दर्शन के दौरान कुछ कांवड़िए नंदी हॉल की ओर जाने लगे। मंदिर में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें निर्धारित व्यवस्था के तहत रोकने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया।
बैरिकेडिंग कूदकर आगे बढ़ने की कोशिश
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, कांवड़ियों का समूह पहली बैरिकेडिंग से आगे पहुंच गया और नंदी हॉल की तरफ बढ़ने लगा। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कुछ लोग बैरिकेडिंग कूदकर अंदर जाने लगे। इस दौरान बैरिकेड्स गिरने से कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। मंदिर प्रबंध समिति ने घटना के दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई और मारपीट होने की भी बात कही है।
पुलिस ने 30 लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR
हंगामे की सूचना के बाद मंदिर में मौजूद पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति संभाली। उत्पात मचाने के आरोप में कुछ लोगों को पकड़कर महाकाल थाने ले जाया गया। पुलिस ने मामले में 30 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। घटना के संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
दान पेटियां हटाने और गर्भगृह में प्रवेश का आरोप
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, कुछ लोगों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और दर्शन व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया। समिति का आरोप है कि बैरिकेडिंग समेत अन्य व्यवस्थात्मक अवरोधों को नुकसान पहुंचाया गया। इसके अलावा दान पेटियों को इधर-उधर करने और अनधिकृत रूप से गर्भगृह में प्रवेश करने की कोशिश का भी आरोप है। समिति ने कहा है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।