इस्पात नगरी में गूंजी ‘जय श्रीराम’, रामनवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब

रामनवमी उत्सव में भिलाई में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया महाप्रसाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद

भिलाई नगर। रामनवमी के पावन अवसर पर भिलाई में आयोजित 41वें श्रीराम जन्मोत्सव ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। श्रीरामलीला मैदान, पावर हाउस में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में जय श्रीराम के नारों से वातावरण गूंज उठा। आयोजन में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक रंग और सामाजिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला।

विशाल धर्मसभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनी आकर्षण

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। मंच पर लेजर लाइट शो, आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य वक्ता बाल योगेश्वर राम बालक दास महात्यागी ने अपने संबोधन में भगवान राम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

महाप्रसाद में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

इस आयोजन की सबसे खास बात जनसहयोग से तैयार महाप्रसाद रहा। भिलाईवासियों के घर-घर से एकत्रित अन्न से बने इस प्रसाद को ग्रहण करने हजारों लोग कार्यक्रम स्थल पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, यह केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है।

एकता और संस्कृति का प्रतीक बना आयोजन

कार्यक्रम में शामिल अतिथियों ने कहा कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और एकता का प्रतीक है। पिछले 41 वर्षों से यह परंपरा लगातार समाज को जोड़ने का कार्य कर रही है। नवरात्रि और रामनवमी के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्था की भी सराहना की गई, जिसमें शून्य दुर्घटना और बिना किसी आपराधिक घटना के आयोजन संपन्न हुआ।

Related posts

दुर्ग में CISF जवान के साथ लिव-इन में रह रही युवती की संदिग्ध मौत, जवान बोला-फांसी लगा ली

Durg: गनियारी सरकारी स्कूल में परीक्षा के दौरान गिरा छत का प्लास्टर, तीन छात्र घायल

Breaking: भिलाई में हिस्ट्रीशीटर के घर मिला हथियारों का जखीरा, एयर गन के साथ चार आरोपी गिरफ्तार